डायबिटिक न्यूरोपैथी (Diabetic neuropathy in hindi), दुनियाभर के डायबिटीज रोगियों की सबसे गंभीर समस्या है। ये बीमारी इतनी गंभीर होती है कि समय पर इसका इलाज न हो पाए तो कई बार आपका चलना-फिरना बंद कर सकती है। लेकिन, ज्यादातर डायबिटीज के रोगियों को इस बारे में पता नहीं होता। तो, आज जानते हैं इस बीमारी के बारे में विस्तार से। फिर जानेंगे इसके लक्षण और कारण।
डायबिटिक न्यूरोपैथी क्या है-What is diabetic neuropathy in hindi
डायबिटिक न्यूरोपैथी (diabetic neuropathy) की समस्या की शुरुआत लंबे समय तक शरीर में बढ़े हुए हाई शुगर लेवल से होती है। यानी कि जिन लोगों का डायबिटीज कंट्रोल में नहीं रहता उनमें ये दिक्कत ज्यादा हो सकती है। इसमें शरीर की तमाम नसें, बढ़े हुए शुगर लेवल की वजह से डैमेज होने लगती हैं। इनका काम काज पहले बिगड़ता है और फिर खत्म होने लगता है। ज्यादातर इसके लक्षण पैरों और हाथों में नजर आते हैं और मेडिकल टर्म में इसे (Peripheral neuropathy) भी कहते हैं।
डायबिटिक न्यूरोपैथी के लक्षण-Diabetes neuropathy symptoms
1. पैरों का सुन्न होना-Numbness in feet
डायबिटिक न्यूरोपैथी में सबसे पहले आपके पैरों की नसें नष्ट होने लगती हैं। इसमें होता ये है कि आपको अचानक से लगेगा कि आपके पैर सुन्न हो गए हैं। इतना ही नहीं आप इसे थोड़े-थोड़े समय के बाद ही महसूस करने लगेंगे। इसके अलावा आपको तापमान का सही से अंदाजा नहीं होगा। यानी कि आप सही से जान नहीं पाएंगे कि गर्म पानी कितना गर्म है और ठंडा पानी कितना ठंडा है।
2. मांसपेशियों की कमजोरी-Muscle weakness
पैरों का सुन्नता के बाद, इस बीमारी में मांसपेशियां कमजोर महसूस हो सकती हैं। आपको लग सकता है कि आपके पैरों की ताकत कम हो रही है। जितनी तेजी से आप पहले काम करते थे, अब आप उतनी तेजी से काम नहीं कर पा रहे हैं। साथ ही ये समस्या समय के साथ और बढ़ती हुई नजर आ सकती है।
Image Source : CDCdiabetic_neuropathy_symptoms
3. पैरों में अकड़न और तेज दर्द-Sharp pains or cramps
डायबिटीज के मरीजों को न्यूरोपैथी की समस्या के कारण पैरों में हमेशा दर्द और अकड़न महसूस हो सकती है। आपको लग सकता है कि ऐंठन इतनी ज्यादा है कि ये बेचैनी पैदा कर रही है और आपको इस वजह से नींद नहीं आ रही। ये असल में, मासंपेशियों और नसों का नष्ट होना है जिस वजह से पैरों का ब्लड सर्कुलेशन बिगड़ गया है।
4. पैरों का सड़ना-Diabetic foot ulcer
पैरों का सड़ना, डायबिटीज का सबसे गंभीर असर है। दरअसल, इसमें होता ये है कि शुगर आपकी नसों को खाने लगती है और छोटा सा घाव ठीक नहीं होता और सड़ने लगता है। इसका सबसे बड़ा कारण है खराब ग्लाइसेमिक कंट्रोल, पैर की चोट, पैर की देखभाल सही से न करना, खराब फिटिंग वाले जूते और ड्राई स्किन।
तो, अगर आप डायबिटीज के मरीज हैं तो शुगर कंट्रोल में रखें। खूब एक्सरसाइज करें, डाइट कंट्रोल करें और रोजाना शुगर चेक करते रहें। साथ ही, कोई भी लक्षण नजर आए तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)
Latest Health News