दिवाली का त्योहार मिठाइयों के बिना अधूरा है। इस अवसर पर लोग मिठाइयों का खूब आनंद लेते हैं। लेकिन, ये मिठाइयां जितनी स्वाद से भरपूर होती हैं, उनमें मौजूद कैलोरी, शुगर और फैट स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डालते हैं। चलिए हम आपको बताते हैं दिवाली में मिलने वाले इन कुछ स्वाद से भरपूर मिठाइयों में कौन सी बेहतर है और कौन सी थोड़ा सावधानी से खानी चाहिए?
किस मिठाई में कितनी कैलोरी है?
अंजीर बर्फी: अंजीर बर्फी सूखे अंजीर और दूध से बनी एक स्वाद से भरपूर मिठाई है। एक अंजीर बर्फी में लगभग 130-150 कैलोरी होती है। इस बर्फी में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है और सूखे मेवों की वजह से यह थोड़ा बेहतर विकल्प है, पर शुगर की मात्रा को ध्यान में रखना जरूरी है।
बेसन लड्डू: बेसन लड्डू बेसन, घी, और चीनी से बनती है। एक लड्डू में लगभग 120-140 कैलोरी होती है। बेसन में प्रोटीन और फाइबर होता है, जो इसे थोड़ा हेल्दी बनाता है, लेकिन अधिक घी और शुगर के कारण इसे सीमित मात्रा में ही खाना बेहतर होता है।
काजू पिस्ता रोल: यह मिठाई सूखे मेवों और घी से भरपूर होती है, जिससे यह स्वादिष्ट होने के साथ-साथ कैलोरी में भी हाई होती है। एक काजू पिस्ता रोल में लगभग 150-180 कैलोरी होती है।
केसर इमरती: केसर इमरती शुगर सिरप में डूबी होती है, इसलिए यह बहुत ही अनहेल्दी मिठाई है। एक केसर इमरती में लगभग 180-200 कैलोरी होती है। इसमें मौजूद शुगर और फैट इसे एकदम अनहेल्दी बनाता है, खासकर डायबिटीज वालों के लिए।
राजभोग: राजभोग दूध, खोया, और मेवों से बनी मिठाई है लेकिन इसमें चीनी बहुत ज़्यादा होती है इसलिए सेहत के लिहाज से यह भी बहुत अनहेल्दी है। एक राजभोग में लगभग 220-250 कैलोरी होती है।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Health News