आज की व्यस्त जिंदगी में कई लोग पूरे सप्ताह ऑफिस, घर और दूसरी जिम्मेदारियों में व्यस्त रहते हैं। ऐसे में एक्सरसाइज के लिए समय निकालना मुश्किल हो जाता है। कुछ लोग सोमवार से शुक्रवार तक बिल्कुल एक्सरसाइज नहीं करते और शनिवार-रविवार को एक साथ लंबे समय तक वर्कआउट करके इसकी भरपाई करने की कोशिश करते हैं। बेंगलुरु स्थित स्पर्श हॉस्पिटल में लीड कंसल्टेंट- कार्डियोलॉजी डॉक्टर आर.एस. वेंकटेसुलु कहते हैं कि इसे आम तौर पर ‘वीकेंड वॉरियर’ एक्टिविटी कहते हैं। लेकिन क्या वीकेंड की एक्सरसाइज फायदेमंद है और हेल्दी हार्ट के लिए कितना वर्कआउट करना चाहिए बता रहे हैं डॉक्टर
क्या वीकेंड की एक्सरसाइज है फायदेमंद?
अगर पूरे हफ्ते रोजाना एक्सरसाइज नहीं करते हैं तो वीकेंड पर की गई फिजिकल एक्टिविटी कुछ न करने से तो बेहतर है। हालांकि, इसका यह मतलब नहीं है कि हफ्ते के बाकी दिनों में आप सिर्फ बैठे रहें। लंबे समय तक निष्क्रिय रहने के बाद अचानक बहुत तेज वर्कआउट करने से मांसपेशियों में चोट और कुछ लोगों में हृदय पर अचानक दबाव बढ़ने की समस्या हो सकती है। कोशिश करें कि आप अपनी डेली रूटीन में आधे घंटे की वॉक को ज़रूर शामिल करें।
हेल्दी हार्ट के लिए हफ्ते में कितने दिन वर्कआउट करना चाहिए?
हेल्दी हार्ट के लिए हफ्ते में कम से कम 150 मिनट मीडियम तीव्रता वाली एरोबिक फिजिकल एक्टिविटी या 75 मिनट तेज तीव्रता वाली एक्टिविटी करने की सलाह दी जाती है। रोज करीब 30 मिनट की ब्रिस्क वॉक सबसे आसान और बेहतरीन विकल्प है। साथ ही हफ्ते में कम से कम दो दिन मांसपेशियों को मजबूत बनाने वाली एक्सरसाइज को भी शामिल करें। तेज चलना, सीढ़ियां चढ़ना, साइकिल चलाना और लंबे समय तक बैठने के बीच छोटे-छोटे एक्टिव ब्रेक लेना भी रोजमर्रा की फिजिकल एक्टिविटी बढ़ाने में मदद कर सकता है।
पूरे सप्ताह अपने आप को रखें एक्टिव
अगर किसी व्यक्ति के पास सिर्फ शनिवार और रविवार को समय है, तो वह इन दिनों एक्सरसाइज जरूर करे, लेकिन धीरे-धीरे सप्ताह के दूसरे दिनों में भी छोटी अवधि की एक्टिविटी जोड़ने की कोशिश करनी चाहिए। क्योंकि दिल की सेहत के लिए सबसे जरूरी बात है नियमित रूप से एक्टिव रहना। इसलिए सिर्फ वीकेंड पर वर्कआउट करने के बजाय पूरे सप्ताह अपने शरीर को एक्टिव रखें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Health News