Osteoporosis Day 2023: ऑस्टियोपोरोसिस की बीमारी को हल्के में लेना आप पर भारी पड़ सकता है। दरअसल, इस बीमारी के बारे में ज्यादातर लोगों को पता नहीं होता है। साथ ही जब इस बीमारी की शुरुआत होती है तो शरीर में कुछ खास लक्षण नजर नहीं आते हैं। ऐसे में कब ये बीमारी बढ़ जाती है और हड्डियों को अंदर से खोखला कर देती है पता ही नहीं चलता है। इसलिए आपको इस बीमारी के बारे में पता होना चाहिए। तभी आप इस बीमारी से बच पाएंगे। तो, इस लेख में हम पहले यही जानेंगे कि ऑस्टियोपोरोसिस है क्या और इससे बचाव के लिए हम कौन से टिप्स अपना सकते हैं।
ऑस्टियोपोरोसिस है क्या?
ऑस्टियोपोरोसिस एक ऐसी बीमारी है जिसमें हड्डियां अंदर से खोखली होने लगती है। जब हमारे शरीर में खनिज घनत्व कम हो जाता है, तो संरचना पतली हो जाती है और सामान्य वजन उठाने में भी हम असमर्थ हो जाते हैं, जिससे हड्डियां आसानी से टूट जाती हैं। आम भाषा में समझें कि हड्डियों का भार या बोन मास कम हो जाता है। हड्डियां अंदर से खोखली होकर अंदर से हल्की हो जाती हैं। ऐसे कि वो कभी भी टूट सकती हैं। ये ज्यादातर कैल्शयम और विटामिन डी की कमी की वजह से होता है।
जानें खोखली होती हड्डियों में कैसे लाएं जान-How to increase bone density naturally
1. कैल्शियम से भरपूर ये फूड्स लें
कैल्शियम की कमी सबसे पहले हड्डियों को खोखला करती है। ऐसे में सबसे पहले अपनी डाइट में कैल्शियम से भरपूर फूड्स को शामिल करें। जैसे कि दही, टोफू, पनीर, दूध और पत्तेदार साग-सब्जियों को शामिल करें। इसके अलावा आप सेम और संतरा जैसे फलों को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
Image Source : socialfoods to prevent osteoporosis
2. विटामिन डी लें
विटामिन डी कई तरीकों से हड्डियों के स्वास्थ्य को बढ़ावा देता है। ये भोजन से मिलने वाले कैल्शियम को अवशोषित करने में मदद करता है। कैल्शियम के साथ-साथ, वृद्ध वयस्कों को ऑस्टियोपोरोसिस से बचाने में मदद करता है। हमारी मांसपेशियों और प्रतिरक्षा प्रणाली के स्वस्थ कामकाज को बढ़ावा देता है। इस तरह से ये इस बीमारी से बचाव में मदद करता है।
3. मैग्नीशियम और प्रोटीन का सेवन करें
डार्क चॉकलेट मैग्नीशियम की कमी को दूर करने का आसान तरीका है। इसके अलावा सोयाबीन और केला भी इस खनिज की कमी को दूर कर सकता है। साथ ही प्रोटीन से भरपूर दूध, दाल और अंडा का सेवन इसकी कमी से बचा सकता है और हड्डियों को अंदर से मजबूत बनाने में मदद कर सकता है। तो , इन फूड्स को डाइट में शामिल करें और हड्डियों का घनत्व बढ़ाएं। ताकि आप इस बीमारी के शिकार न हो।
(ये आर्टिकल सामान्य जानकारी के लिए है, किसी भी उपाय को अपनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें)
Latest Health News