सर्दियों की शुरुआत के साथ सर्दी-जुकाम, खांसी और अन्य वायरल संक्रमणों का खतरा बढ़ सकता है। ऐसे में खानपान का ध्यान रखना बेहद जरूरी है। सही पोषण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी को बेहतर बनाए रखने में मदद करता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि सर्दियों में कुछ खास तरह के आटे की रोटियां आपकी सेहत के लिए फायदेमंद हो सकती हैं। डॉ. नेहा रस्तोगी पांडा, सीनियर कंसल्टेंट - संक्रामक रोग , फोर्टिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम बता रही हैं किस आटे की रोटी खाने से वायरल इंफेक्शन का खतरा कम होता है।
1. बाजरे की रोटी
बाजरे की रोटी सर्दियों में एक अच्छा ऑप्शन है। इसमें फाइबर, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह शरीर को ऊर्जा देने और पाचन को बेहतर बनाए रखने में मदद करती है। बाजरे को संतुलित आहार में शामिल करने से शरीर को जरूरी पोषण मिल सकता है।
2. मक्के की रोटी
मक्के की रोटी सर्दियों में खूब पसंद की जाती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट और फाइबर होते हैं, जो शरीर को ऊर्जा देने और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। इसे सरसों के साग और दही के साथ संतुलित मात्रा में खाया जा सकता है।
3. मल्टीग्रेन रोटी
गेहूं, जौ, बाजरा और चने के आटे को मिलाकर बनाई गई मल्टीग्रेन रोटी पोषण का अच्छा स्रोत हो सकती है। इसमें मौजूद फाइबर और कई पोषक तत्व शरीर को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं। अलग-अलग अनाज का सेवन करने से आहार में पोषक तत्वों की विविधता बढ़ती है।
4. गेहूं और चने के आटे की रोटी
गेहूं और चने के आटे को मिलाकर बनाई गई रोटी प्रोटीन, फाइबर और ऊर्जा प्रदान करती है। इसे सब्जियों, दाल और अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थों के साथ खाने से संतुलित आहार तैयार किया जा सकता है।
क्या रोटी खाने से वायरल इन्फेक्शन से बचा जा सकता है?
ध्यान रखें कि कोई भी रोटी वायरल इन्फेक्शन से सीधे बचाव की गारंटी नहीं देती। संक्रमण से बचने के लिए हाथों की सफाई, पर्याप्त नींद, संतुलित आहार और आवश्यक टीकाकरण महत्वपूर्ण हैं। अगर बुखार, खांसी या सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण हों, तो डॉक्टर से सलाह लें। सर्दियों में सही खानपान रखें, अपनी इम्यूनिटी को मजबूत बनाने की कोशिश करें और हेल्दी रहें।
Latest Health News