UTI Infection इन लोगों को करता है सबसे ज्यादा परेशान, जानिए इसके लक्षण और बरतें कौन सी सावधानियां?
अगर आपको बार-बार यूटीआई इंफेक्शन हो रहा है तो सावधान हो जाएं। ये गंभीर समस्या का संकेत है।
अगर, आपको पेशाब खुलकर नहीं आ रहा हो या हर बार पेशाब करते समय जलन महसूस हो रही हो, तो ये यूटीआई इंफेक्शन के संकेत हो सकते हैं। यह संक्रमण न केवल आपको असहज कर सकता है, बल्कि आपके खाने-पीने और आदतों को भी प्रभावित करता है। कई लोगों को बार-बार यूटीआई की समस्या होती है। ऐसे में चले जानते हैं यूटीआई बार-बार क्यों होता है और इसके पीछे क्या हैं कारण?
यूटीआई इंफेक्शन के लक्षण:
पेशाब करते समय जलन, बार-बार या तेज़ पेशाब आने की इच्छा होना, पेट के निचले हिस्से में दर्द या बेचैनी, और धुंधला या तेज़ गंध वाला पेशाब यूटीआई इंफेक्शन के लक्षणों में से एक है।
इन वजहों से बार बार हो सकता है यूटीआई
-
कमजोर इम्यूनिटी सिस्टम: कमज़ोर प्रतिरक्षा प्रणाली के कारण बार-बार मूत्र मार्ग संक्रमण होता है, क्योंकि शरीर बैक्टीरिया से लड़ने में कम सक्षम होता है। खराब खान-पान, अनुवांशिक कारण और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं भी कमजोर इम्यूनिटी का कारण बन सकती हैं, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
-
किडनी इंफेक्शन: किडनी में पथरी या किडनी इंफेक्शन यूटीआई के जोखिम को बढ़ाते हैं, क्योंकि वे मूत्र पथ को ब्लॉक करते हैं जिससे बैक्टीरिया को बढ़ने के लिए काफी समय मिलता है। इसलिए अगर इस स्थिति का आपको बार-बार सामना करना पड़ रहा है तो ये किडनी इंफेक्शन से जुड़ा हुआ हो सकता है।
-
हाइजीन की कमी: टॉयलेट के बाद सही सफाई नहीं करने से यूटीआई का खतरा बढ़ जाता है, खासकर महिलाओं में। ऐसा इसलिए है क्योंकि मल से बैक्टीरिया मूत्रमार्ग तक पहुँच सकते हैं और संक्रमण फैला सकते हैं। साथ ही पब्लिक टॉयलेट का इस्तेमाल करते समय बेहद सावधानी बरतें।
-
डायबिटीज होने पर: डायबिटीज होने पर यूटीआई का खतरा बढ़ जाता है। इसका कारण यह है कि हाई ब्लड शुगर से मूत्र में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे बैक्टीरिया को पनपने का मौक़ा मिल जाता है जिससे मूत्राशय ठीक से खाली नहीं हो पाता और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
