हार्ट शरीर का सबसे जरूरी अंग है, अगर दिल की धड़कन रुक गई तो शरीर के दूसरे अंग भी कुछ नहीं कर पाते हैं। इसलिए हार्ट का ख्याल रखना बहुत जरूरी है और साथ ही हार्ट हेल्थ के बारे में जानना भी अहम है। आजकल बुजुर्ग और बीमार ही नहीं युवाओं को भी दिल का दौरा पड़ रहा है। हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ने की काफी वजह हैं, लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोज खाने वाली कई चीजें भी हार्ट अटैक का कारण बन रही हैं। इन चीजों की सही मात्रा न लेने से भी दिल के लिए खतरा पैदा हो रहा है। आइए जानते हैं कौन सी चीजें हैं जो हार्ट के लिए ठीक नहीं हैं और कैसे अपने दिल का ख्याल रखें।
हार्ट अटैक का खतरा पैदा करती हैं ये चीजें
चीनी और नमक ज्यादा खाना- चीनी और नमक दोनों को ज्यादा मात्रा में खाने से हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता है। ज्यादा नमक हाई ब्लड प्रेशर का कारण बन सकता है। जिससे हार्ट अटैक का रिस्क गई गुना बढ़ जाता है। इसलिए हार्ट हेल्थ को ख्याल रखना है तो चीनी और नमक का सेवन कम से कम करें। इसकी जगह फल और सब्जियां, अनाज, डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन करना चाहिए।
रेड मीट दिल के लिए खतरनाक- अगर आप नॉनवेज खाते हैं तो रेड मीट से बचना चाहिए। रेड मीट का सेवन करना भी दिल के लिए खतरनाक हो सकता है। रेड मीट में सैचुरेटेड फैट पाया जाता है, जिससे खून में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ने लगती है। ये हार्ट में ब्लॉकेज और हार्ट अटैक का कारण बन सकता है।
कोल्ड ड्रिंक्स, सोडा एकदम छोड़ दें- आजकल लोग गर्मी आते ही कोल्ड ड्रिंक और सोडा का इस्तेमाल शुरू कर देते हैं। ये ड्रिंक्स हार्ट के लिए किसी बड़े खतरे से कम नहीं हैं। अगर हार्ट को हेल्दी रखना है तो कोल्ड ड्रिंक्स, सोडा को छोड़ना होगा। कोल्ड ड्रिंक्स पीने से सिर्फ हार्ट अटैक ही नहीं बल्कि डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और मोटापे का खतरा भी बढ़ जाता है।
जंक और पैक्ड फूड से बचें- आजकल घरों में पैक्ड फूड नमकीन, चिप्स, बिस्किट और कई तरह के केक खूब आते हैं। बच्चे इन्हें बहुत ज्यादा खाना लगे हैं। इन चीजों में ट्रांस फैट और सैचुरेटेड फैट की मात्रा ज्यादा होती है जो हार्ट के लिए खतरनाक है। ये सारी चीजें मैदा से बनती हैं, जिससे न सिर्फ हार्ट बल्कि कम उम्र में डायबिटीज का शिकार होने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए जंक और बाहर के खाने से बचें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Health News