कैंसर का नाम सुनते ही लोग घबराने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर कैंसर को शुरुआती स्टेज में ही डिटेक्ट कर लिया जाए यानी इस खतरनाक बीमारी को जितनी जल्दी पहचान लिया जाता है, मरीज की सेहत को उतना ही कम नुकसान पहुंचता है? कहीं आप थ्रोट कैंसर यानी गले के कैंसर के लक्षणों को मामूली समझकर नजरअंदाज करने की गलती तो नहीं कर रहे हैं?
लगातार खांसी और खराश की समस्या
अक्सर लोग खांसी की समस्या पर उतना ज्यादा ध्यान नहीं देते हैं। लेकिन आपकी जानकारी के लिए बता दें कि दो हफ्ते से ज्यादा खांसी की समस्या, गले के कैंसर का संकेत साबित हो सकती है। इसके साथ ही अगर गले में खराश की समस्या को भी दो हफ्ते से ज्यादा हो चुका है, तो आपको सावधान हो जाना चाहिए और समय रहते अपना चेकअप करवा लेना चाहिए।
आवाज में बदलाव होना
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक थ्रोट कैंसर की वजह से आवाज में बदलाव हो सकता है। अगर आपकी आवाज में बदलाव हो रहा है या फिर आपकी आवाज भारी हो रही है, तो हो सकता है कि आपको गले का कैंसर हो। इसके अलावा आपकी जानकारी के लिए बता दें कि अगर आपको कुछ भी निगलने में दिक्कत महसूस हो रही है, तो ये लक्षण भी गले के कैंसर की तरफ इशारा कर सकता है।
गौर करने वाली बात
गले में दर्द महसूस होना या फिर कान में दर्द महसूस होना, इस तरह के लक्षण भी थ्रोट कैंसर का संकेत साबित हो सकते हैं। अगर आपको गर्दन में गांठ महसूस हो रही है, तो आपको तुरंत सावधान हो जाना चाहिए वरना आपको लेने के देने भी पड़ सकते हैं। इस तरह के लक्षण एक साथ नजर आना, थ्रोट कैंसर की संभावना को काफी हद तक बढ़ा सकता है इसलिए तुरंत अपनी जांच करवाएं।
डिस्क्लेमर: इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।
Latest Health News