A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. महिलाओं को किस उम्र में एग फ्रीज करवा लेने चाहिए, डॉक्टर से जानिए ये कितना सही है और पूरी प्रक्रिया क्या है?

महिलाओं को किस उम्र में एग फ्रीज करवा लेने चाहिए, डॉक्टर से जानिए ये कितना सही है और पूरी प्रक्रिया क्या है?

Women Age To Freeze Eggs: अगर आप 40 की उम्र में बच्चा प्लान करना चाहती है और देरी से शादी करना चाहती हैं तो अपने एग फ्रीज करवा सकती हैं। इससे आप उम्र बढ़ने पर भी आसानी से मां बन सकती हैं। डॉक्टर से जानिए महिलाओं में एग फ्रीज करवाने की प्रक्रिया और सही उम्र।

महिलाओं को किस उम्र एग फ्रीज करवा लेने चाहिए?- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK महिलाओं को किस उम्र एग फ्रीज करवा लेने चाहिए?

आजकल महिलाएं देर से शादी करने लगी है। बदलती लाइफस्टाइल कई बीमारियों को भी पैदा कर रही है। जिसकी वजह से शरीर में तेजी से हार्मोन बदलाव होने लगे हैं। इन सारी चीजों का असर महिलाओं की फर्टिलिटी पर भी पड़ने लगा है। करीब 35 साल की उम्र के बाद महिलाओं की प्रजनन क्षमता कम होने लगती है। ऐसे में जो महिलाएं करियर पर फोकस करने की चाहत में देरी से बच्चे करने का फैसला ले रही है उन्हें अपने एग फ्रीज करवा लेने चाहिए। हालांकि अभी एग फ्रीज करवाने का चलन सिर्फ महानगरों में ही शुरू हुआ है। चुनिंदा महिलाएं और लड़कियां ही ये फैसला ले रही हैं। लेकिन ये काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। आइये डॉक्टर से जानते हैं किस उम्र में महिलाओं को एग फ्रीज करवा लेने चाहिए और इसकी पूरी प्रक्रिया क्या है?

डॉक्टर कनिका शर्मा (फर्टिलिटी स्पेशलिस्ट, बिरला फर्टिलिटी एंड आईवीएफ, दिल्ली) के अनुसार, एग फ्रीजिंग उन महिलाओं के लिए एक बहुत ही फायदेमंद ऑप्शन है, जो फ्यूचर में बेबी प्लान करना चाहती हैं। यह डर या घबराहट की बात नहीं है, बल्कि ऑप्शन और अपने फ्यूचर पर कंट्रोल करने की बात है। अगर कोई महिला निजी, स्वास्थ्य संबंधी या व्यवसाय से जुड़े कारणों से मां बनने के निर्णय को टालना चाहती है, तो एग फ्रीजिंग उन्हें यह अवसर देता है कि वह अपनी फर्टिलिटी को उस समय तक सुरक्षित कर सके और उनके एग्स हेल्दी रह सकें।

क्या है महिलाओं के लिए एग फ्रीज करवाने की प्रक्रिया

डॉक्टर ने बताया कि इस प्रक्रिया के कुछ सरल लेकिन जरूरी स्टेप होते हैं। सबसे पहले, कुछ बेसिक टेस्ट करते हैं जिससे हार्मोन स्तर और एग की कंडीशन की जांच की जाती है। इसके बाद लगभग 10-12 दिनों तक हार्मोनल इंजेक्शन दिए जाते हैं ताकि ओवरीज एग रिलीज करने के लिए तैयार की जा सकें। हल्का बेहोश करके आपके इन एग्स को बाहर निकालने की प्रक्रिया की जाती है, जो लगभग 15-20 मिनट में पूरी हो जाती है। फिर इन एग्स को सुरक्षित रूप से फ्रीज कर स्टोर किया जाता है।

कब तक कर सकते हैं इन एग्स का इस्तेमाल?

निकाले गए एग्स को तुरंत इस्तेमाल करने की कोई जरूरत नहीं होती। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय, विकल्प और मानसिक शांति देना है। अच्छे परिणाम के लिए महिलाओं को 35 साल की उम्र से पहले डॉक्टर से बात करके अपने एग फ्रीज करा लेने चाहिए।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

 

Latest Health News