1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सोते जागते ये लक्षण बताते हैं कि आप स्ट्रेस में हो, लंबे समय तक तनाव रहा है हावी, बस पहचानने की जरूरत है

सोते जागते ये लक्षण बताते हैं कि आप स्ट्रेस में हो, लंबे समय तक तनाव रहा है हावी, बस पहचानने की जरूरत है

शरीर हमें हर बीमारी और परेशानी के लक्षण बताता रहता है। इतना ही नहीं अगर आप तनाव हैं तो इसके भी संकेत देता है। लेकिन कई बार हम इन लक्षणों को नजरअंदाज कर देते हैं। जो हमारे लिए ठीक नहीं हैं।

तनाव के लक्षण- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV तनाव के लक्षण

आजकल महानगरों में रहने वाले लोग सबसे ज्यादा तनाव में हैं। काम की टेंशन, घर को मैनेज करने का स्ट्रेज, बढ़ती उम्र और बीमारियों की चिंता, इतना ही नहीं बच्चों की पढ़ाई और करियर का तनाव है, ये सभी चीजें मिलकर तनाव का एक बड़ा लंबा और कभी न खत्म होने वाला सिलसिला शुरू कर देती हैं। आप चाह कर भी कई बार इससे नहीं निकल पाते हैं। हालांकि कुछ लोगों को तो ये भी पता नहीं लगता कि वो तनाव में हैं। डॉक्टर सौरभ सेठी ( एम्स ट्रेंड और कैलिफोर्निया स्थित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट (पेट और लीवर रोग विशेषज्ञ) और हेपेटोलॉजिस्ट) के मुताबिक शरीर स्ट्रेस में है इसके लक्षण आपको देता हैं। बस आपको इन्हें पहचानने और समझने की जरूरत है।

स्ट्रेस में होने के लक्षण

सुबह उठने के बाद भी थका हुआ महसूस करना- अगर 7-8 घंटे सोने के बाद भी थकान महसूस होती है। लंबे समय तक तनाव में रहने से शरीर में कोर्टिसोल का स्तर बढ़ा रह सकता है, जिससे नींद हल्की हो जाती है और शरीर को पूरी तरह आराम नहीं मिल पाता। सिर्फ कितनी देर सोते हैं, यह मायने नहीं रखता, बल्कि यह भी जरूरी है कि आपका शरीर कितनी अच्छी तरह रिकवर कर रहा है।

बार-बार बीमार पड़ना- ​लंबे समय तक तनाव में रहने का संबंध आपके शरीर में होने वाली बीमारियों से भी हो सकता है।  इम्यून सिस्टम का कमजोर होना, घाव भरने में ज्यादा समय लगना,  संक्रमण होने का खतरा रहना, इम्यून सिस्टम और तनाव एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।

पेट के आसपास की चर्बी बढ़ना- लंबे समय तक तनाव रहने से कोर्टिसोल का स्तर बढ़ सकता है। समय के साथ बढ़ा हुआ कोर्टिसोल पेट के आसपास चर्बी जमा होने से जुड़ा हो सकता है, खासकर जब इसके साथ नींद की कमी और जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने जैसी आदतें भी हों।

छोटी-छोटी बातें भूलने लगना- क्या आपको लोगों के नाम याद रखने में परेशानी होती है? क्या आप किसी कमरे में जाते हैं और भूल जाते हैं कि वहां क्यों आए थे? लंबे समय तक तनाव रहने से ध्यान लगाने, एकाग्रता और चीजों को याद रखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। जब आपका दिमाग लगातार तनाव से निपटने में लगा रहता है, तो याददाश्त पर भी असर पड़ सकता है।

बिना किसी वजह के दिल तेजी से धड़कने लगे- तनाव शरीर के 'फाइट या फ्लाइट' यानी खतरे से निपटने वाले सिस्टम को सक्रिय कर देता है। इससे दिल की धड़कन तेज होना,  दिल की धड़कन महसूस होना या धड़कन अनियमित लगना, हथेलियों में पसीना आना, मांसपेशियों में तनाव जैसे लक्षण बार-बार हो सकते हैं। ये गंभीर लक्षण हैं इन्हें सिर्फ तनाव समझकर नजरअंदाज न करें। डॉक्टर से जांच करवाएं।

पाचन में बदलाव आना- आपकी आंत और दिमाग लगातार एक-दूसरे से संवाद करते रहते हैं। लंबे समय तक तनाव रहने से ये समस्याएं हो सकती हैं। पेट फूलना, कब्ज, दस्त, इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS) के लक्षण बढ़ना, कई बार आपके पेट की स्थिति इस बात का संकेत देती है कि आपका दिमाग किस तरह की परेशानी से गुजर रहा है।

बार-बार मीठा खाने की क्रेविंग- नींद की कमी और लंबे समय तक तनाव रहने से भूख बढ़ाने वाले हार्मोन प्रभावित हो सकते हैं और पेट भरा होने का एहसास कम हो सकता है। ऐसे में कई लोगों को सिर्फ ज्यादा खाने की इच्छा ही नहीं होती, बल्कि हाई कैलोरी और ज्यादा चीनी वाली चीजें खाने की क्रेविंग भी बढ़ जाती है।

दिमाग शांत नहीं होना- आप आखिरकार बिस्तर पर लेटते हैं, लेकिन आपका दिमाग अब भी काम में लगा रहता है। लगातार तनाव आपके नर्वस सिस्टम को 'हाई अलर्ट' की स्थिति में रख सकता है। ऐसे में शरीर और दिमाग को आराम देना और तनाव से उबरना मुश्किल हो जाता है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

 

Latest Health News