यूरिक एसिड भले ही सुनने में कोई गंभीर बीमारी न लगे, लेकिन इसके मरीज का चलना फिरना भी मुश्किल हो जाता है। एड़ी, टखने, घुटनों और हाथ की उंगलियों में तेज दर्द होता है, जिसे झेल पाना मुश्किल हो जाता है। खाने से यूरिक एसिड बनता है जो सभी के शरीर में बनता है। लेकिन जिसके शरीर में यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ जाती है उन्हें मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। यूरिक एसिड में हाई प्रोटीन फूड को खाने से बचना चाहिए। खासतौर से कुछ दालें यूरिक एसिड की समस्या को ट्रिगर करती हैं। जानिए यूरिक एसिड में कौन सी दाल खानी चाहिए और कौन सी दाल नहीं खानी चाहिए?
यूरिक एसिड में कौन सी दाल खानी चाहिए?
आयुर्वेदिक डॉक्टर चंचल शर्मा के मुताबिक यूरिक एसिड के मरीज के लिए मूंग दाल आमतौर अच्छी मानी जाती है। ये दूसरी दालों की तुलना में आसानी से पच जाती है और हल्की होती है। मूंग दाल में प्यूरीन की मात्रा कम होने की वजह से आप इसे खा सकते हैं और इससे यूरिक एसिड का स्तर और बढ़ने का खतरा कम हो जाता है। दाल को खाने से पहले आपको इसे 1-2 घंटे के लिए भिगोकर रखना चाहिए। इससे दाल को पचाना आसान हो जाता है। इसके अलावा लाल मसूर में भी प्यूरीन की मात्रा मीडियम होती है। आप इसका भी सेवन कर सकते हैं। ध्यान रखें दाल को अच्छा गलने तक पकाएं और उसमें हल्का तड़का लगाकर खाने में इस्तेमाल करें।
यूरिक एसिड में कौन सी दाल नहीं खानी चाहिए?
जिन्हें हाई यूरिक एसिडी की समस्या है उन्हें खाने में हाई प्यूरिन वाली चीजों से बचना चाहिए। ऐसे लोगों को चना दाल, अरहर दाल, मटर की दाल का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे नुकसान होता है और दर्द की समस्या बढ़ सकती है। इसके अलावा हाई प्रोटीन वाली चीजें जैसे राजमा, छोले और काले चने का सेवन भी कम से कम करना चाहिए। इन दालों में प्यूरीन अधिक होने से शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने लगता है।
यूरिक एसिड को कैसे कम करें?
यूरिक एसिड कम करने के लिए ज्यादा से ज्यादा पानी पीएं। खाने में खाने में पालक, टमाटर, बीज वाली चीजों का सेवन कम करें। ज्यादा मीठे ड्रिंक और मिठाई या दूसरी चीजें न खाएं। फलियों का सेवन न करें। शराब, तला हुआ खाना और नॉनवेज ज्यादा न खाएं। इसकी बजाय खाने को क्विनोआ और चावल के साथ बैलेंस करें। ये पाचन के लिए अच्छे होते हैं। मेटाबॉलिज्म और पाचन क्रिया को बेहतर बनाने के लिए सुबह उठते ही सबसे पहले गुनगुना पानी पीने की कोशिश करें। रोजाना कुछ देर व्यायाम जरूर करें।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Health News