कई बार रात में कुछ हल्का खाने या देर रात खाना न खाने के बाद भी फास्टिंग ब्लड शुगर लेवल हाई बना रहता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है तो ऐसा डॉन फेनोमेनन नामक एक प्राकृतिक हार्मोनल प्रक्रिया की वजह से होता है। ये डायबिटीज के मरीज को काफी ज्यादा प्रभावित करती है। सर्टिफाइड न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन श्वेता पंचाल ने इसके बारे में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है और बताया है कि सुबह बिना कुछ खाए भी ब्लड शुगर क्यों बढ़ सकता है।
सुबह ब्लड शुगर क्यों बढ़ जाता है?
श्वेता बताती हैं कि अगर खाली पेट आपका ब्लड शुगर लेवल ज़्यादा आता है और आपने सुबह कुछ खाया नहीं है तो ऐसा आपके रुटीन, दिनचर्या या डाइट नहीं बल्कि एक डॉन फेनोमेनन की वजह से है। ज्यादातर लोगों को इसके बारे में पता नहीं होता है। ये हार्मोन सुबह के समय अचानक से तेजी से बढ़ता है खासतौर से रात 2 बजे से सुबह 8 बजे के बीच ये हार्मोन हाई रहता है। ऐसे में शरीर कोर्टिसोल और ग्रोथ हार्मोन रिलीज करता है जिससे लिवर को स्टोर किया हुआ ग्लूकोज रिलीज करने के सिग्नल मिलते हैं। ऐसा सामान्य रूप से सभी के साथ होता है लेकिन डायबिटीज के मरीज उस ग्लूकोज को सही से कंट्रोल नहीं कर पाते हैं और नतीजा बिना कुछ खाए भी ब्लड शुगर बढ़ जाता है।
सुबह शुगर को कैसे कम करें?
रात का खाना जल्दी खाएं- इसके लिए आपको रात का खाना शाम 7 बजे तक खा लेना चाहिए। ज्यादा देर से और भारी खाना खाने से रात भर में ग्लूकोज का स्राव बिगड़ जाता है।
सुबह उठते ही सबसे पहले पानी पिएं- किसी भी इंसान को दिन की बेहतर शुरुआत करने के लिए सुबह उठते ही सबसे पहले पानी पीना चाहिए। जो लोग सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीते हैं उन्हें इससे बचना चाहिए।
प्रोटीन वाला नाश्ता लें- सुबह उठने के 30 मिनट के अंदर आपको प्रोटीन से भरपूर नाश्ता लेना चाहिए। प्रोटीन खाने से शरीर में ग्लूकोज का स्तर जल्दी स्थिर हो जाता है।
सुबह थोड़ी देर टहलें- उठने के बाद कम से कम 10 मिनट की सैर करें। इससे मांसपेशियों के संकुचन से इंसुलिन की जरूरत के बिना ही खून से ग्लूकोज बाहर निकल जाता है।
नाश्ता कभी न छोड़ें- शुगर के मरीज को नाश्ता कभी स्किप नहीं करना चाहिए। नाश्ता छोड़ने से कोर्टिसोल का स्तर और बढ़ जाता है और स्थिति और भी खराब हो जाती है।
अपने शरीर के संकेतों को समझें
डाइटिशियन श्वेता ने बताया कि सुबह के समय ब्लड शुगर को नियंत्रित करने का मतलब हमेशा दवा की मात्रा बढ़ाना नहीं होता। यह समझें कि आपका शरीर वास्तव में क्या कह रहा है। सुबह से दवा खा लेना ही इसका हल नहीं है बल्कि अपनी लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करके सुबह बढ़ने वाले ब्लड शुगर को कम किया जा सकता है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)
Latest Health News