सोशल मीडिया पर हेल्थ, फिटनेस और वजन घटाने वाले लाखों करोड़ों वीडियो आपको मिल जाएंगे। कई बार कुछ ऐसी चीजें ट्रेंड होने लगती हैं जिनकी सच्चाई के बारे में लोगों को पता भी नहीं होता। लोग सिर्फ वायरल ट्रेंड्स को देखकर फॉलो करने लगते हैं। ऐसे ही कई वीडियो इन दिनों वायरल हो रहे हैं जिसमें नाभि में तेल डालने से पतले होने का दावा किया जा सकता है। इन वीडियोज में एक खास तेल बताया गया है कि जिसे नाभि में डालने से वजन कम होना का दावा किया जा रहा है। आयुर्वेदिक डॉक्टर से जानते हैं क्या वाकई नाभि में तेल डालने से वजन कम होता है। इसके पीछे की सच्चाई क्या है?
आशा आयुर्वेदा क्लीनिक की डॉक्टर चंचल शर्मा की मानें तो नाभि में तेल लगाना आपकी त्वचा, बाल, आंखों की रोशनी और पेट की नसों के लिए एक बेहतरीन इलाज है। आप इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना सकते हैं। लेकिन अगर आप वजन घटाने के लिए ऐसा कर रहे हैं तो उसका नाभि में तेल डालने से दूर-दूर तक कोई संबंध नहीं है। वजन घटाने के लिए आपको कैलोरी की कमी, व्यायाम और मेटाबॉलिज़्म को ठीक करना होगा।
क्या नाभि में तेल लगाने से वजन कम होता है?
यानि आयुर्वेदिक डॉक्टर के अनुसार नाभि में किसी भी तरह का तेल डालने से आपका वजन कम नहीं हो सकता। आयुर्वेद या पंचकर्म की किसी भी थेरेपी में नाभि पर तेल लगाकर मोटापा कम करने का तरीका शामिल नहीं है। ये जानकारी पूरी तरह से भ्रामक है। आपको इस तरह के ज्ञान से बचना चाहिए।
नाभि में तेल लगाने से क्या होता है?
दरअसल जब आप नाभि पर तेल लगाते हैं तो इससे सीधे आपके वजन पर कोई असर नहीं होता, लेकिन शरीर में कुछ बदलाव आने लगते हैं। लोगों को अपच और पेट फूलने की समस्या कम होती है। नाभि में अरंडी या सरसों का तेल लगाने से पेट की नसें उत्तेजित होती हैं। इससे गैस, अपच और पेट फूलने जैसी समस्या कम होती है। ऐसे में लोगों को पेट पिचका हुआ और हल्का लगता है जिससे वजन कम होने जैसा कंफ्यूजन हो सकता है। नाभि थेरेपी से वात दोष शांत होता है जिससे पाचन शक्ति मजबूत होती है। पाचन मजबूत होने पर वजन नहीं बढ़ता, लेकिन इससे जमा चर्बी कम नहीं होती है।
शरीर में नाभि का क्या काम है?
आयुर्वेद के अनुसार, नाभि सिर्फ एक निशान नहीं है बल्कि ये शरीर का एक जरूरी ऊर्जा और संरचनात्मक केंद्र है। नाभि को जीवन का आधार माना गया है। यहां ऊर्जा के महत्वपूर्ण स्रोत होते हैं। नाभि से हजारों नसें जुड़ी होती हैं। नाभि आपके शरीर की आंतरिक अग्नि को कंट्रोल करती है, जो मेटाबॉलिज़्म, स्वास्थ्य और इमोशनल बैलेंस बनाए रखने में मदद करता है। नाभि में तेल लगाना त्वचा, बालों, आंखों की रोशनी और पेट की नसों के लिए एक बेहतरीन थेरेपी है। आयुर्वेद में इसे 'नाभि पूरण' या 'नाभि चिकित्सा' कहा जाता है।
नाभि में तेल लगाने के फायदे
- पाचन होगा बेहतर
- त्वचा की चमक बढ़ेगी
- हार्मोनल असंतुलन ठीक होगा
आयुर्वेद या पंचकर्म से वजन कैसे कम करें
डॉक्टर चंचल शर्मा ने बताया कि अगर आपको वजन कम करना है तो इसके लिए पंचकर्म की कुछ जरूरी प्रक्रियाओं को शामिल करें। अगर आपर उद्वर्तन कराते हैं तो इसमें तेल के बजाय हर्बल पाउडर जैसे त्रिफला या कोलाकुलत्थादि से शरीर की सूखी मालिश की जाती है। इससे त्वचा के नीचे जमा हुआ फैट और सेल्युलाइट पर असर होता है और वजन कम होता है। दूसरा तरीका है कि आप लेखन बस्ती कराएं। ये एक एनिमा तकनीक है, जिसमें औषधीय काढ़े और शहद का इस्तेमाल किया जाता है। इससे शरीर के डीप टिशूज से फैट और टॉक्सिन्स को खुरचकर निकालना होता है।
Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)