A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. सफेद अंडा या ब्राउन अंडा, कौन है सेहत का असली खजाना?

सफेद अंडा या ब्राउन अंडा, कौन है सेहत का असली खजाना?

सफेद और ब्राउन अंडे को लेकर अक्सर लोगों के मन में यह भ्रम रहता है कि भूरा (ब्राउन) अंडा ज्यादा फायदेमंद है, लेकिन विज्ञान और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट्स की राय कुछ अलग है। ऐसे में चलिए जानते हैं कौन सा अंडा सेहत का असली खजाना है।

सफेद अंडा या ब्राउन अंडा, क्या है बेस्ट - India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सफेद अंडा या ब्राउन अंडा, क्या है बेस्ट

अंडा प्रोटीन का बेहतरीन सोर्स है। ऐसे में इसका सेवन सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। इसमें कई विटामिन और मिनरल जो स्वास्थ्य को लाभ पहुंचाते हैं। लेकिन अब अंडे भी दो तरह के आते हैं। एक सफेद अंडा और दूसरा होता है ब्राउन अंडा। ऐसे में लोग सफेद और ब्राउन अंडे को लेकर काफी कंफ्यूज रहते हैं। अक्सर लोगों के मन में ये सवाल रहता है कि सेहत के लिए कौन सा अंडा ज्यादा फायेदमंद होता है। क्या सचमुच अंडे के छिलके के रंग का उसके पोषक तत्वों पर भी असर पड़ता है? चलिए यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि कौन से रंग का अंडा सेहत के लिए सबसे ज्यादा फायदेमंद है।

रंग का अंतर क्यों होता है?

अंडे के छिलके का रंग पूरी तरह से मुर्गी की नस्ल (Breed) पर निर्भर करता है।

सफेद अंडे: सफेद पंखों और सफेद कान वाली मुर्गियां (जैसे- लेगहॉर्न) अक्सर सफेद अंडे देती हैं।

ब्राउन अंडे: लाल या भूरे पंखों और लाल कान वाली मुर्गियां ब्राउन अंडे देती हैं।

क्या पोषण में कोई फर्क है?

दोनों में प्रोटीन, कैलोरी, विटामिन और मिनरल्स की मात्रा लगभग एक जैसी होती है।

प्रोटीन: दोनों में लगभग 6 ग्राम प्रोटीन होता है।

कैलोरी: एक बड़े अंडे में लगभग 70-80 कैलोरी होती है, चाहे वह किसी भी रंग का हो।

अन्य पोषक तत्व: विटामिन B12, D और सेलेनियम की मात्रा भी बराबर होती है।

ब्राउन अंडा महंगा क्यों होता है?

ज्यादातर लोग सोचते हैं कि महंगा है तो बेहतर होगा। लेकिन ब्राउन अंडे के महंगे होने का कारण यह है कि ब्राउन अंडे देने वाली मुर्गियों का आकार बड़ा होता है और उन्हें ज्यादा चारे (Feed) की जरूरत होती है। इसी बढ़ी हुई लागत की वजह से बाजार में इनकी कीमत ज्यादा होती है।

सेहत के लिए असली 'खजाना' क्या है?

अंडे की क्वालिटी छिलके के रंग से नहीं, बल्कि मुर्गी के खान-पान और रहन-सहन से तय होती है।

फ्री-रेंज अंडे (Free-range): जो मुर्गियां खुले में घूमती हैं और धूप लेती हैं, उनके अंडों में विटामिन D ज्यादा हो सकता है।

ओमेगा-3 एनरिच्ड: अगर मुर्गियों को ओमेगा-3 युक्त आहार दिया जाए, तो उनके अंडों में यह पोषक तत्व बढ़ जाता है।

क्या है बेस्ट

अगर आप सिर्फ सेहत के लिए अंडा खा रहे हैं, तो आप सफेद अंडा खा सकते हैं क्योंकि यह सस्ता है और पोषण में ब्राउन अंडे के बराबर ही है। स्वाद में भी इनमें कोई खास अंतर नहीं होता।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News