पैरों में भारीपन क्यों महसूस होता है, जानिए इसके कारण और कैसे दर्द-थकान से निजात पाएं
अगर आपको भी पैरों में भारीपन महसूस होता है। चलने फिरने में परेशानी आती है और पिंडलियों में थकान लगती है। जानिए इसके क्या कारण हैं और इसे कैसे ठीक कर सकते हैं।
कई बार अचानक से पैरों में भारीपन महसूस होने लगता है। पैर भारी होने पर चलने फिरने में दिक्कत होने लगती है और कई बार इससे पैरों में सूजन आ जाती है। पैर की पिंडलियों में बहुत थकान और दर्द जैसा लगता है। इसके कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। अगर आपको भी ये समस्या है तो इसे हल्के में नहीं लेना चाहिए। सबसे पहले इसका क्या कारण है ये जानने की जरूरत है। उसके बाद सही इलाज करें जिससे पैरों को आराम मिल सके।
पैरों में भारीपन कारण
- खराब रक्त प्रवाह से पैरों में भारीपन महसूस हो सकता है।
- वेरिकोज वेन्स या कमजोर नसें दर्द और सूजन बढ़ाती हैं।
- मांसपेशियों की कमजोरी या पोषण की कमी से थकान होती है।
- कमर या रीढ़ की समस्या पैरों तक खिंचाव और झनझनाहट पहुंचा सकती है।
- डायबिटीज और अधिक वजन पैरों पर अतिरिक्त दबाव डालते हैं।
- लंबे समय तक पैर लटकाकर बैठने से ये समस्या हो सकती है।
- सफर में बैठे रहने से ब्लड फ्लो नीचे की ओर बढ़ने से भी ऐसा हो सकता है।
- ज्यादा वजन बढ़ने से भी पैरों में भारीपन की समस्या हो सकती है।
पैरों में भारीपन और दर्द होने पर क्या करें?
-
इसके लिए सबसे जरूरी है कि पैरों की एक्सरसाइज करें। व्यायाम करने से ब्लड सर्कुलेशन बेहतर बनता है और पैरों को आराम मिलता है। इसके लिए पैरों को सीधे सामने की ओर करके बैठ जाएं और पैरों को घुमाते हुए व्यायाम करें। पंजों को आगे पीछे की ओर करें और थोड़ी स्ट्रेचिंग करें।
-
पिंडली शक्ति को जाग्रत करने के लिए आप योग करें। योगा मैट पर साधी खड़े हो जाएं और हाथों से मुट्ठी बंद कर लें। अब हाथों को फैलाएं और सांस अंदर भरते हुए पैरों को मोड़कर ऊकड़ू आसन की अवस्था में बैठ जाएं। कुछ देर बैलेंस बनाकर रखें और फिर हाथों को वापस पीछे की ओर लाते हुए मुट्ठी खोल दें और खड़े हो जाएं। इससे पैरों को मजबूती और दर्द में आराम मिलेगा।
-
अगर पैरों में भारीपन के साथ ही दर्द और सूजन की समस्या भी हो रही है तो योग और अक्सरसाइज के साथ ही आप गर्म पानी में पैरों को डालकर थोड़ी देर के लिए रखें। इससे सूजन कम होगी और पैरों की थकान और दर्द में राहत मिलेगी। आप चाहें तो पानी में नमक डालकर भी पैरों को भिगो सकते हैं।
-
अगर लंबे समय तक बैठे रहने या खड़े रहने से पैरों में दर्द हो रहा है और भारीपन महसूस हो रहा है तो इसका कारण खराब ब्लड सर्कुलेशन हो सकता है। ऐसे में पैरों के नीचे तकिया लगाकर उन्हें शरीर से ऊंचा कर लें। किसी दीवार पर पैर लगाकर ऊपर की ओर उठाएं और लेटे रहें। पैरों को लटकाने की बजाय मोड़कर बैठें। इससे काफी राहत मिलेगी।
पैरों में दर्द किस विटामिन की कमी से होता है?
पैरों के दर्द से राहत पाने के लिए आपको अपने पॉश्चर का सबसे ज्यादा ख्याल रखना है। दूसरा रोजाना कुछ देर व्यायाम करना है। इससे वजन कंट्रोल रहेगा और ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होगा। तीसरा खाने में आयरन, मैग्नीशियम और विटामिन B12 से भरपूर भोजन शामिल करें। ज्यादा परेशानी होने पर या लगातार भारीपन, सूजन या दर्द होने पर डॉक्टर को दिखाएं।
