21 फरवरी 2016: पढ़ें दिन भर की बड़ी खबरें
21 फरवरी 2016: दिन भर की सबसे बड़ी खबरें, पढ़ें सिर्फ एक जगह।

राष्ट्रीय खबरें
जाट आंदोलन: दिल्ली में पानी खत्म, सरकार लाचार, स्कूल बंद के आदेश
जाट आंदोलन के बीच दिल्ली में जलसंकट पर CM अरविंद केजरीवाल ने जल मंत्री और जलबोर्ड के साथ इमरजेंसी मीटिंग की। उन्होंने बताया कि, मुनक नहर बंद होने से 7 वाटर ट्रीटमेंट प्लांट ठप हो गए हैं। दिल्ली में आज केवल 60 फीसदी पानी की सप्लाई होगी। दिल्ली सरकार ने साफ कर दिया है कि उनके पास आज सुबह के बाद सप्लाई करने को पानी नहीं है। आगे पढ़ें
कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ जारी, आर्मी कैप्टन सहित 4 जवान शहीद
कश्मीर में पाम्पोर के नजदीक एक बहुमंजिली इमारत में छिपे आतंकवादियों के सफाये के लिए रविवार सुबह सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए अभियान में एक सैन्य अधिकारी शहीद हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा बलों ने रविवार सुबह उस इमारत पर छावा बोला, जहां आतंकवादी छिपे हुए हैं। इस दौरान 10 पारा रेजीमेंट के एक कप्तान शहीद हो गए।" आगे पढ़ें
कश्मीर में आंतकी मुठभेड़ में शहीद हुए कैप्टन का शव विशेष विमान से लाया जाएगा जींद
जम्मू-कश्मीर के पंपोर में शनिवार को हुए आतंकी हमले में 23 वर्षीय कैप्टन पवन कुमार रविवार को शहीद हो गया। पवन कुमार के शव को जाट आरक्षण के चलते वायुसेना के विशेष विमान से जींद लाया जायेगा। प्रदेशभर में जाट आरक्षण की वजह से राष्ट्रीय राजमार्ग और राजमार्ग बंद पड़े हैं। इस वजह से शहीद का शव वायुसेना के विशेष विमान से जींद ला रही है। पवन अपने मां बाप का इकलौता बेटा था। आगे पढ़ें
केंद्र ने हरियाणा में 17,00 अर्धसैनिक बल और भेजे
आंदोलनरत जाटों की ओर से जारी हिंसा को देखते हुए हरियाणा में अर्ध सैनिक बल के अतिरिक्त 1,700 जवान भेजे गए हैं। इसी के साथ हिंसाग्रस्त राज्य में कुल 5,000 केंद्रीय सशस्त्र पुलिस कर्मियों की तैनात हो गई है। गृह मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘ हमने अर्धसैनिक कर्मियों की 17 और कंपनियां भेजी हैं जो पिछले तीन दिनों में भेजी गई 33 कंपनियों के अलावा हैं।’’ अर्धसैनिक बल की एक कंपनी में 100 जवान होते हैं।
अंतरराष्ट्रीय खबरें
बांग्लादेश के उत्तरी पंचागढ़ जिले में हिंदू पुजारी की गला काटकर हत्या
बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर हमले की अन्य घटना में आज देश के एक मंदिर में अज्ञात लोगों ने एक हिंदू पुजारी की गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि उत्तरी पंचागढ़ जिले के एक मंदिर परिसर में 50 वर्षीय जनेश्वर राय पर हमला हुआ, जिसमें दो हिंदू श्रद्धालु भी घायल हो गए। माना जाता है कि हमलावर तीन थे जो मोटरबाइक पर सवार हो मौके से फरार हो गए।
मिशिगन में 'अंधाधुंध' गोलीबारी कर गनमैन ने की सात की हत्या
अमेरिका के मिशिगन स्थित एक कस्बे में एक बंदूकधारी ने एक रेस्त्रां की कार पार्किंग और डिलरशिप अपार्टमेंट परिसर में अंधाधुंध गोलीबारी की जिसमें कम से कम सात लोग मारे गए। अधिकारियों ने बताया कि मरने वालों में 14 वर्षीय एक लड़की भी शामिल है।
जेब बुश ने अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से नाम वापस लिया
अमेरिका में कई प्राइमरी में निराशाजनक प्रदर्शन और सुस्त अभियान के कारण जेब बुश अमेरिकी राष्ट्रपति पद की दौड़ से बाहर हो गए हैं और इसके कारण बुश परिवार का अभूतपूर्व तीसरी बार व्हाइट हाउस आने का सपना चकनाचूर हो गया।
बिजनेस की खबरें
रिलायंस जियो के लिए अभी और करना होगा इंतजार, 2016 की दूसरी छमाही में शुरू होगी 4G सर्विस
अरबपति इंडस्ट्रियलिस्ट मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस जियो अपनी बहुप्रतीक्षित 4G सर्विस कमर्शियल रूप से 2016 की दूसरी छमाही में पेश करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि हम 80 फीसदी भारतीयों को तेज गति का मोबाइल इंटरनेट और वॉयस सर्विस उपलब्ध कराएंगे। रिलायंस जियो ने दिसंबर के अंत में अपनी चौथी पीढ़ी की सर्विस कर्मचारियों के लिए शुरू की थी। उसके बाद माना जा रहा था कि कंपनी 4G सर्विस की शुरूआत मार्च-अप्रैल में करेगी। आगे पढ़ें
तीन से पांच साल तक निचले स्तर पर रहेंगे कच्चे तेल के दाम, भारत को मिलेगा बड़ा फायदा: अंबानी
दुनिया के सबसे बड़े रिफाइनरी परिसर के मालिक मुकेश अंबानी का मानना है कि ग्लोबल स्तर पर कच्चे तेल की कीमतें अभी तीन से पांच साल तक निचले स्तर पर बने रहेंगे। अंबानी ने कहा, जो स्थिति हम देख रहे हैं, यह लंबे समय तक निचले स्तर पर है। पहली बार ऐसा हुआ है कि सप्लाई बढ़ने से तेल के दाम नीचे आए हैं। उनके मुताबिक इससे जैसे बड़े आयातक देशों को फायदा होगा। आगे पढ़ें
सेंसेक्स की शीर्ष दस में से नौ कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 75,585 करोड़ रूपये बढ़ा
शेयर बाजार में दो सप्ताह की गिरावट के बाद तेजी के रख के बीच सेंसेक्स की दस शीर्ष कंपनियों में से नौ के बाजार पूंजीकरण :मार्केट कैप: में बीते सप्ताह 75,585.19 करोड़ रपये का इजाफा हुआ। सप्ताह के दौरान एचडीएफसी को छोड़कर टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और ओएनजीसी सहित सेंसेक्स की शीर्ष दस में से नौ कंपनियों के बाजार पूंजीकरण में बढ़ोतरी हुई। सप्ताह के दौरान बंबई शेयर बाजार का सेंसेक्स 723 अंक या 3.14 प्रतिशत चढ़कर 23,709.15 अंक पर पहुंच गया।
एंटरटेनमेंट की खबरें
मेरी बायोपिक में रणवीर अच्छा कर सकते हैं: शत्रुघ्न
बॉलीवुड एक्टर से राजनेता बने शत्रुघ्न सिन्हा का कहना है कि यदि उनकी जीवनी पर फिल्म बनती है तो इसमें रणवीर सिंह अच्छा कर सकते हैं। महानायक अमिताभ बच्चन ने 19 फरवरी को शत्रुघ्न की जीवनी 'एनीथिंग बट खामोश: द शत्रुघ्न सिन्हा बायोग्राफी' का विमोचन किया।
अक्षय कुमार ने भी किया 'तिरंगा फहराने' का समर्थन
छात्रों में राष्ट्रवाद और गर्व की भावना भरने के लिए सभी 46 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के केंद्र सरकार के कदम का बॉलिवुड ऐक्टर अक्षय कुमार ने समर्थन किया है। अक्षय ने ट्विटर पर इस फैसले को लेकर अपने विचार व्यक्ति किए। उन्होंने लिखा कि देश के सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में तिरंगा फहराने के फैसले का पूरा समर्थन करता हूं, और, क्यों नहीं, यह हमें ऊंचा उठने की प्रेरणा देता है।
खेल की खबरें
दीपिका के गोल से भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हराया
दीपिका ने अंतिम क्वार्टर में पेनल्टी कार्नर को गोल में बदला जिससे भारतीय महिला हाकी टीम ने यहां दक्षिण अफ्रीका दौरे की शानदार शुरूआत करते हुए पहले मैच में मेजबान टीम को 1-0 से हराया। दोनों टीमों ने शुरूआत में सतर्क रवैया अपनाया और एक दूसरे के खेल के आकलन को तरजीह दी।
सहवाग ने जाट आंदोलनकारियों से शांति की अपील की
भारत के पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने जाटों से आरक्षण के लिये उग्र आंदोलन बंद करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज के लोग रक्षक हैं विध्वंसक नहीं। सहवाग खुद जाट हैं, उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मैं अपने सभी भाईयों से हिंसा छोड़ने और अपनी मांग संवैधानिक तरीके से पेश करने की अपील करता हूं। हम रक्षक हैं, विध्वंसक नहीं। ’’
हमारे सुरक्षाबलों ने भारत में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता सुनिश्चित की: धोनी
देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के मुद्दे पर जारी हंगामे के बीच भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने आज सशस्त्र बलों को सम्मान देने की अपील करते हुए कहा कि उनके कारण ही देश इस मुद्दे पर बहस करने की स्थिति में है। धोनी ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, ‘‘जब हम अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर बहस कर रहे हैं तब हमारे सुरक्षाबल सुनिश्चित कर रहे हैं कि हम बहस जारी रखने की स्थिति में रहें।’’