1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ जारी, आर्मी कैप्टन सहित 4 जवान शहीद

कश्मीर में आतंकी मुठभेड़ जारी, आर्मी कैप्टन सहित 4 जवान शहीद

 Written By: IANS
 Published : Feb 21, 2016 09:14 am IST,  Updated : Feb 21, 2016 04:24 pm IST

कश्मीर के पंपोर जिले में शनिवार से जारी सुरक्षा बलों की आतंकियों के साथ मुठभेड़ में आर्मी कैप्टन सहित CRPF के 3 जवान शहीद हो गए जबकि 10 अन्य लोग घायल हो गए जिनमें आम नागरिक भी शामिल हैं।

terrorists attack crpf bus in pampore- India TV Hindi
terrorists attack crpf bus in pampore

जम्मू: कश्मीर में पाम्पोर के नजदीक एक बहुमंजिली इमारत में छिपे आतंकवादियों के सफाये के लिए रविवार सुबह सुरक्षा बलों की ओर से चलाए गए अभियान में एक सैन्य अधिकारी शहीद हो गए। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, "सुरक्षा बलों ने रविवार सुबह उस इमारत पर छावा बोला, जहां आतंकवादी छिपे हुए हैं। इस दौरान 10 पारा रेजीमेंट के एक कप्तान शहीद हो गए।"

उन्होंने बताया, "सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच गोलीबारी जारी है। सुरक्षा के मद्देनजर श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग को बंद कर दिया गया है।"

इस बीच केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के प्रवक्ता ने ऐसी खबरों से इनकार किया है, जिसके मुताबिक हमले में अब तक सीआरपीएफ के तीन जवानों की जान गई है। उन्होंने कहा, "हमारे दो जवानों की जान गई है। तीन जवानों को खोने से संबंधित खबरें गलत हैं।"

उन्होंने बताया, "हालांकि सीआरपीएफ के घायल जवानों की संख्या बढ़कर 13 हो गई, क्योंकि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान के दौरान तीन और जवान घायल हुए हैं।"

सैन्य अधिकारी की शहादत के साथ ही इस मुठभेड़ में जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई है। इसमें एक नागरिक अब्दुल गनी मीर भी शामिल हैं, जो जम्मू एवं कश्मीर उद्यमिता विकास संस्थान (जेकेईडीआई) के माली थे।

मीर को शनिवार को गोलीबारी के दौरान गोली लगी थी, जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गए थे।

उल्लेखनीय है कि हथियारबंद आतंकवादियों ने शनिवार शाम एक बस पर हमला कर दिया था, जो श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर सीआरपीएफ दस्ते का हिस्सा था। इस हमले में सीआरपीएफ के दो जवानों की जान चली गई, जबकि 10 घायल हो गए थे।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि आतंकवादी तीन से पांच की संख्या में थे। वे लश्कर-ए-तैयबा से संबद्ध माने जा रहे हैं। हमले के बाद वे जेकेईडीआई परिसर में दाखिल हो गए, जहां करीब 120 प्रशिक्षु और कर्मचारी मौजूद थे।

अधिकारी ने बताया, "छिपे हुए आतंकवादियों के खिलाफ अभियान शुरू करने से पहले सभी कर्मचारियों और प्रशिक्षुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत