नई दिल्ली: दिल्ली के एक निजी अस्पताल में गाजियाबाद निवासी 80 वर्षीय एक बुजुर्ग की चिकनगुनिया से मौत हो गई और इसके साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में मच्छर जनित इस बीमारी से मरने वालों की संख्या छह हो गई है। गाजियाबाद से ताल्लुक रखने वाले दूसरे व्यक्ति महेंद्र सिंह की कल दोपहर बाद दक्षिण दिल्ली स्थित अपोलो अस्पताल में मौत हो गई थी।
अस्पताल अधिकारियों ने बताया कि यह व्यक्ति आरटी-पीसीआर परीक्षण में चिकनगुनिया पॉजीटिव पाया गया था। बीमारी की वजह से विभिन्न अंगों के काम बंद कर देने के कारण उसकी मौत हो गई। दिल्ली में इस मौसम में इस बीमारी के अब तक 1,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।
Also read:
यहां स्थित सर गंगाराम अस्पताल में कल शाम मथुरा निवासी 75 वर्षीय प्रकाश कालरा की मौत हो गई थी। इसी अस्पताल में सोमवार को तीन और बुजुर्गों की मौत भी चिकनगुनिया से हो गई थी।
अस्पताल के अधिकारियों ने कहा, उसे बीमारी के गंभीर चरण में हमारे अस्पताल में लाया गया था, जिसके गुर्दों ने काम करना बंद कर दिया था। उसे कल गहन चिकित्सा कक्ष में भर्ती कराया गया और आरटी-पीसीआर परीक्षण पॉजीटिव पाया गया।
अधिकारियों ने बताया कि कल चार लोगों के मरने की खबर मिली। मरने वालों में 22 वर्षीय एक लड़की भी शामिल है जिसकी हिन्दूराव असपताल में चिकनगुनिया के चलते दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। कबीर नगर निवासी इशा की एक सितंबर को मौत हो गई थी।
Latest India News