नई दिल्ली: जब जनता मुसीबत में घिरी हो तो सरकार को मदद के लिए मौजूद होना चाहिए राजकाज का कायदा तो यही कहता है। लेकिन ऐसे वक्त में जबकि दिल्लीवालों पर बुखार का चौतरफा हमला हो रहा है, 4 लोगों की जान भी जा चुकी है, दिल्ली की पूरी की पूरी सरकार अपने बॉस समेत टूर पर है। न एलजी नजीब जंग दिल्ली में हैं, न सीएम केजरीवाल और न डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया।
Also read:
- ‘1 करोड़ के समोसे खा सकते हैं केजरीवाल, पेन नहीं खरीद सकते’
- दिल्ली: चिकनगुनिया से 4 लोगों की मौत, केजरीवाल ने कहा-पीएम और एलजी जवाब दें
दिल्ली में भगवान भरोसे हैं मरीज
दिल्ली में डेंगू और चिकनगुनिया की चपेट में आकर मरीज दम तोड़ रहे हैं और दिल्ली के मंत्री मजे से घूम रहे हैं। अस्पतालों में दवा, डॉक्टर और बेड के लिए हाहाकार मचा है और केजरीवाल के सिपहसालार चुनाव प्रचार कर रहे हैं। क्या मुख्यमंत्री, क्या उनके मंत्री और क्या दिल्ली के लेफ्टिनेंट गवर्नर...सब के सब दिल्ली से कोसों दूर हैं। बेहाल और बीमार दिल्ली के लिए किसी के पास फुर्सत नहीं।
दिल्ली की सरकार टूर पर है!
- दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल अपने इलाज के लिए बैंगलोर में हैं
- डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया कल रात से फिनलैंड के दौरे पर हैं
- स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन चुनाव प्रचार के लिए गोवा में थे जो आज ही दिल्ली लौटे हैं
- परिवहन मंत्री गोपाल राय पार्टी के काम से छत्तीसगढ़ में हैं
- दिल्ली के खाद्य आपूर्ति मंत्री इमरान हुसैन हज करने गए हैं
- यहां तक कि दिल्ली के एलजी नजीब जंग भी इस वक्त अमेरिका में हैं
इनके अलावा एनडीएमसी के मेयर संजीव नैय्यर भी विदेश दौरे पर हैं। दिल्ली के महिला और बाल विकास मंत्री रहे संदीप कुमार तो पहले ही सीडी कांड में जेल के अंदर जा चुके हैं। अब बचे पर्यटन मंत्री कपिल मिश्रा...तो वो भी दिल्ली की फिक्र करने की बजाय अपनी सरकार की वकालत और विरोधियों की फजीहत करने में ही खपे हुए हैं।
चिकनगुनिया से दिल्ली में 4 की मौत
- बेहाल दिल्ली पर सियासी वार पलटवार का ये आलम तब है जब दिल्ली में चिकनगुनिया ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं
- चिकनगुनिया की वजह से दिल्ली में 4 लोगों की मौत हो चुकी है
- इस मौसम में चिकनगुनिया के मामले 1,000 से ज्यादा पहुंच गए हैं
- 1 हफ्ते में चिकनगुनिया के मामलों में करीब 90 फीसदी तेजी आई है
- डेंगू की वजह से भी अब तक दिल्ली में 4 मरीज दम तोड़ चुके हैं
चिकनगुनिया-डेंगू से कैसे बचें?
- घर में कहीं भी पानी को स्टोर करके न रखें
- पानी स्टोर करना पड़े तो पानी को ढककर रखें
- घर और आसपास मच्छर मारने वाली दवा छिड़कें
- समय-समय पर कूलर की सफाई करते रहें
- हफ्ते में एक दिन कूलर को सूखा रहने दें
- रात में सोते वक्त पूरी बांह के कपड़े पहनकर रखें
- शरीर पर मच्छर को दूर भगाने वाले उत्पाद लगाएं
- रात को सोते समय नेट का इस्तेमाल करें
- डॉक्टर की सलाह के बगैर कोई दवा न लें