नई दिल्ली: दिल्ली में चिकनगुनिया से तीन व्यक्तियों की मौत की जानकारी सामने आने के बाद भाजपा ने आज मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर शहर की जनस्वास्थ्य चुनौती का समाधान करने में असफल रहने को लेकर निशाना साधा और उनसे तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। दिल्ली में सत्ताधारी आप सरकार पर हमला बोलते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि राजधानी वेक्टर जनित बीमारियों के संकट से जूझ रही है और मुख्यमंत्री केजरीवाल मौतों की जिम्मेदारी प्रधानमंत्री और उपराज्यपाल पर मढ़ने में व्यस्त हैं तथा दिल्ली से लापता हैं।
(देश-विदेश की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए क्लिक करें)
भाजपा नेता पात्रा ने केजरीवाल पर आरोप लगाया कि वह एक मुख्यमंत्री के तौर पर सभी तरह के लाभ उठा रहे हैं जबकि राजधानी में चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया संकट को लेकर जनता के सवालों को पूरी तरह से नजरंदाज कर रहे हैं। उन्होंने केजरीवाल और उनके मंत्रियों पर इसके बजाय देश में प्रचार करने और जनता के पैसे पर विदेश यात्रा करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा, स्थिति बहुत ही खराब है कि अरविंद केजरीवाल जो कि दिल्ली के मुख्यमंत्री हैं वह इस देश की राजधानी में स्वास्थ्य के बारे में सवालों का उत्तर देने से इनकार कर देते हैं। दिल्ली वेक्टर जनित बीमारियों चिकनगुनिया, डेंगू और मलेरिया से जूझ रही है। केजरीवाल सरकार गायब है।
संबित पात्रा ने कहा, यदि आपमें एक कलम खरीदने की भी क्षमता नहीं है, जैसा आप कह रहे हैं तो आप इस्तीफा क्यों नहीं दे देते। यदि आप कहते हैं कि आपकी दिल्ली के मुख्यमंत्री के तौर पर कोई भूमिका नहीं तो मुख्यमंत्री कार्यालय, मंत्रियों तथा विधायकों एवं मुख्यमंत्री पर करोड़ों रूपये खर्च का आडंबर क्यों है। मुद्दा है इस्तीफा।
पात्रा ने कहा कि जब केजरीवाल के समक्ष कुछ सवाल आते हैं तो वह न केवल इन सवालों से किनारा कर लेते हैं बल्कि ट्विटर पर एक बयान जारी करके कहते हैं मुझसे सवाल नहीं करिए, प्रधानमंत्री से करिए। उन्होंने कहा, आप इस्तीफा नहीं दे रहे हैं, आप सवाल का उत्तर भी नहीं दे रहे हैं बल्कि आप कह रहे हैं कि आप 10 रूपये खर्च नहीं कर सकते, लेकिन आपने चाय और समोसे पर एक करोड़ रूपये खर्च किये हैं।
उन्होंने कहा, आप अपने विज्ञापनों पर 526 करोड़ रूपये खर्च कर रहे हैं। आज अधिकतर मंत्री या तो विदेश यात्रा पर है या दिल्ली के बाहर किसी स्थान के दौरे पर है। वह किसका पैसा है जो वे खर्च कर रहे हैं? आपको इन प्रासंगिक सवालों का उत्तर देना होगा। भाजपा नेता ने कहा कि उन्हें (केजरीवाल को) दिल्ली के लोगों द्वारा दिल्ली में शासन के लिए चुना गया है और आप भाग नहीं सकते, आप अपना कर्तव्य निर्वहन छोड़़ नहीं सकते।
केजरीवाल ने इससे पहले ट्वीट किया था, मुख्यमंत्री और मंत्रियों के पास एक कलम खरीदने का भी अधिकार नहीं है। दिल्ली के संबंध में सभी अधिकार उपराज्यपाल और प्रधानमंत्री के पास हैं। उपराज्यपाल विदेश में हैं। दिल्ली के लिए उनसे सवाल कीजिये।
बता दें कि दिल्ली के एक अस्पताल से आज चिकनगुनिया से दो और व्यक्तियों की मौत होने की जानकारी मिली। इससे दिल्ली में इस बीमारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर चार हो गई। इस मौसम में इसके मामले बढ़कर एक हजार से अधिक हो गए हैं।