नयी दिल्ली: कांग्रेस ने 23 अप्रैल को होने जा रहे एमसीडी चुनावों के लिए अपने 140 उम्मीदवारों की पहली सूची आज जारी की। इन 140 उम्मीदवारों में से करीब 50 फीसदी वर्तमान पार्षद हैं जिन पर कांग्रेस ने भरोसा जताया है। दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा ने चुनावों में अपने वर्तमान पार्षदों को टिकट देने के बारे में फैसला नहीं किया है।
शहर में तीनों नगर निगमों में कुल 272 वार्ड हैं। इनमें से दक्षिण दिल्ली नगर निगम और उत्तर दिल्ली नगर निगम में 104-104 वार्ड तथा पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 64 वार्ड हैं। शेष उम्मीदवारों के नामों का ऐलान शीघ्र किया जाएगा। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने कहा प्रत्याशियों का चयन, उनकी जीत की संभावना और जमीनी स्तर पर पार्टी कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर किया गया।
भाजपा और आप के दो वर्तमान पार्षद हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए हैं। उन्हें भी टिकट दिया गया है। प्रत्याशियों के चयन में मदद के लिए और कार्यकर्ताओं की शिकायतों के समाधान के लिए पार्टी ने तीन सदस्यीय चयन समिति नियुक्त की थी जिसमें आनंद शर्मा, रणदीप सुरजेवाला और मानिक टैगोर शामिल हैं।
Latest India News