भोपाल: मध्य प्रदेश में हुई जोरदार बारिश ने कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बना दिए हैं, नदी, नालों का जलस्तर बढ़ने से कई निचली बस्तियों में पानी भर गया है, वहीं सड़कों पर आवागमन भी बाधित है। उज्जैन में तो कई मंदिर जलमग्न हो गए हैं, वहीं सड़कों से लेकर घरों तक में पानी भर गया है।
राज्य के मालवा-निमाड़ इलाके में बीते 24 घंटों में जोरदार बारिश हुई है और कई स्थानों पर अब भी बारिश का क्रम बना हुआ है। इंदौर में 24 घंटों में 128 मिली मीटर बारिश हुई है। वहीं उज्जैन में 310 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई है, इसके चलते क्षिप्रा और गंभीर नदी उफान पर आ गई है। क्षिप्रा नदी के तट पर स्थित कई मंदिर गुंबद तक पानी से डूब गए हैं, वहीं सड़कों पर पानी भर गया है।
उज्जैन के बाढ़ नियंत्रण कक्ष ने कहा कि शहर की 10 बस्तियों में पानी भर गया है। यहां के कई परिवारों को राहत शिविरों में ठहराया गया है। कई घरों का तो आलम यह है कि उनमें कई फुट पानी भरा हुआ है। जिले में कुल 10 राहत शिविर बनाए गए हैं।
अगली स्लाइड में तस्वीरो में देखें स्थिती-
Latest India News