1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दिल्ली: किसानों ने दी चेतावनी, संसद भवन नहीं जाने दिया तो नग्न होकर करेंगे मार्च

दिल्ली: किसानों ने दी चेतावनी, संसद भवन नहीं जाने दिया तो नग्न होकर करेंगे मार्च

किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने आए तमिलनाडु के किसान समूह ने गुरुवार को नग्न होकर मार्च करने की चेतावनी दी है।

Tamil Nadu farmers return with skulls in Delhi, threaten to march naked | Twitter- India TV Hindi
Tamil Nadu farmers return with skulls in Delhi, threaten to march naked | Twitter

नई दिल्ली: किसानों के प्रदर्शन में शामिल होने आए तमिलनाडु के किसान समूह ने गुरुवार को नग्न होकर मार्च करने की चेतावनी दी है। किसानों के इस समूह ने कहा है कि अगर उन्हें शुक्रवार को संसद भवन नहीं जाने दिया गया तो वे नग्न होकर मार्च करेंगे। किसानों का यह समूह आत्महत्या कर चुके अपने साथी किसानों की खोपड़ियां लेकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने गुरुवार को दिल्ली पहुंचा। किसान समूह के नेता पी. अय्याकन्नू ने कहा कि दक्षिण भारतीय नदी जोड़ कृषक संगठन के करीब 1,200 किसान गुरुवार सुबह राष्ट्रीय राजधानी पहुंचे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये किसान कर्ज माफी और फसलों के उचित मूल्यों की मांग को लेकर गुरुवार को रामलीला मैदान और शुक्रवार को संसद मार्ग पर होने वाले मार्च में हिस्सा लेंगे। अय्याकन्नू ने कहा कि वो त्रिची और करूर से भी इस संगठन से जुड़े किसानों के दिल्ली पहुंचने उम्मीद कर रहे थे। पी. अय्याकन्नू ने कहा उनकी मुख्य मांग कर्जमाफी, लाभकारी फसल मूल्य और किसानों को हर महीने पांच हजार रुपये की पेंशन देना है। उन्होंने कहा कि हमारी मुख्य कृषि गतिविधियों में धान रोपाई, कपास की खेती और नारियल और केले की बागवानी शामिल है। 

तमिलनाडु में कर्ज नहीं चुका पाने की वजह से 700 से ज्यादा किसान आत्महत्या कर चुके हैं। अय्याकन्नू ने कहा, ‘हमारे पास पानी नहीं है और बीते 5 साल से सूखा जैसे हालात का सामना कर रहे हैं। इस साल भी हमें तूफान के कारण भुगतना पड़ा है। अगर संसद जाते समय पुलिस ने हमें रोकने की कोशिश की तो हम नग्न होकर प्रदर्शन करेंगे।’ पिछले साल, किसानों के इस समूह ने खेती में हुए नुकसान के बाद आत्महत्या करने वाले अपने 8 साथियों की खोपड़ियां लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया था।

Latest India News