1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'विधान सौधा' में बम धमाके उड़ाने का AI वीडियो बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया के जरिए पहुंचकर किया अरेस्ट

'विधान सौधा' में बम धमाके उड़ाने का AI वीडियो बनाना पड़ा भारी, पुलिस ने ऐसे सोशल मीडिया के जरिए पहुंचकर किया अरेस्ट

कर्नाटक में 'विधान सौधा' को बम धमाके में उड़ाने का AI वीडियो बनाना बिहार के मजदूर को भारी पड़ गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जानें आरोपी को पुलिस ने कैसे पकड़ा।

Vidhana Soudha AI Video- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT 'विधान सौधा' को AI वीडियो में बम धमाके में उड़ाने का वीडियो बनाने वाला हुआ गिरफ्तार।

कर्नाटक में बेंगलुरु सिटी पुलिस ने 25 साल के एक प्रवासी मजदूर को गिरफ्तार किया है। उसके ऊपर आरोप है कि उसने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से एक ऐसा वीडियो बनाया और पोस्ट किया, जिसमें कर्नाटक की सत्ता के केंद्र 'विधान सौधा' में बम धमाका होते हुए दिखाया गया था। आरोपी की पहचान अली के रूप में हुई है, जो बिहार के अररिया जिले का रहने वाला है। वह पिछले कुछ महीनों से बेंगलुरु में दिहाड़ी मजदूर (पाइप फिटर) के तौर पर काम कर रहा था।

विधान सौधा के गुंबद पर AI वीडियो में दिखाया धमाका

अधिकारियों के अनुसार, यह वीडियो मंगलवार सुबह 'jnx__king__h_g' नाम के इंस्टाग्राम हैंडल पर सामने आया। वीडियो की शुरुआत में विधान सौधा के बाहर का फुटेज दिखता है, जिसके बाद AI-आधारित विजुअल इफेक्ट्स का इस्तेमाल करके इस ऐतिहासिक इमारत में एक भीषण धमाका होते हुए दिखाया गया है।

IP लॉग और डिजिटल सुरागों से लगाया आरोपी का पता

पुलिस की नियमित डिजिटल निगरानी के दौरान यह मामला सामने आया। इसके बाद, विधान सौधा पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर एस. पी. कुमार स्वामी ने भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 353(1)(b) और 353(2) के तहत FIR दर्ज की। पुलिस ने सोशल मीडिया अकाउंट से जुड़े इंटरनेट प्रोटोकॉल (IP) लॉग और डिजिटल सुरागों का पता लगाया, जो सीधे शहर में अली के घर तक ले गए। पुलिस ने मौके पर आरोपी को हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई की।

पूछताछ में पता लगेगा पोस्ट के पीछे का असली मकसद

अधिकारियों ने बताया कि आरोपी अभी पुलिस हिरासत में है। उससे पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस पोस्ट के पीछे उसका असली मकसद क्या था, क्या AI फुटेज को एडिट या तैयार करने में किसी और ने भी उसकी मदद की थी। इस मामले की जांच अभी जारी है। इससे पहले सितंबर में कर्नाटक में मंगलुरु के पास MRPL परिसर के अंदर धमाका हुआ था। यह धमाका इतनी तेज था कि इसकी वजह से आस-पास की इमारतें हिल गई थीं। इस ब्लास्ट में एक शख्स की मौत हो गई थी। इससे आसपास के इलाके में दशहत फैल गई थी।

ये भी पढ़ें- टायर फैक्ट्री में भीषण आग, फ्यूल टैंक में जोरदार धमाका, दो मजदूरों की मौत

Latest India News