1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. VIDEO: रॉटवाइलर नस्ल के कुत्ते ने साइकिल चला रहे बच्चे को काटा, पैरेंट्स ने सवाल किया तो मालिक ने दी धमकी

VIDEO: रॉटवाइलर नस्ल के कुत्ते ने साइकिल चला रहे बच्चे को काटा, पैरेंट्स ने सवाल किया तो मालिक ने दी धमकी

नाबालिग अपने घर के बाहर सड़क पर साइकिल चला रहा था। अचानक एक काला रॉटवाइलर पड़ोसी के घर से बाहर निकला और लड़के पर झपट्टा मारकर काट लिया।

बच्चे पर रॉटवाइलर नस्ल के कुत्ते ने मारा झपट्टा- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT बच्चे पर रॉटवाइलर नस्ल के कुत्ते ने मारा झपट्टा

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के महादेवपुरा से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां के महेश्वरी नगर में एक पड़ोसी के रॉटवाइलर नस्ल के पालतू कुत्ते ने 12 साल के एक मासूम बच्चे पर बेरहमी से हमला कर दिया। घटना 13 जून की दोपहर करीब 2:30 बजे की है। इस हमले के बाद इलाके के लोगों में भारी गुस्सा है।

पीड़ित बच्चा एक पूर्व सैनिक का बेटा है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोप है कि डॉग के मालिकों ने पीड़ित परिवार को पुलिस के पास जाने से रोकने के लिए धमकियां दीं। पुलिस ने इस मामले में कुत्ते के मालिक श्याम और उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

साइकिल चला रहे बच्चे पर मरा झपट्टा

लड़के के पिता द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, 12 वर्षीय नाबालिग अपने घर के बाहर सड़क पर शांति से साइकिल चला रहा था। उसी दौरान पड़ोसी के घर का गेट खुला रह गया था। अचानक, एक आक्रामक काला रॉटवाइलर कुत्ता बिना बंद गेट से बाहर निकला और सीधे लड़के पर झपट्टा मार दिया।

कुत्ते ने बच्चे को बुरी तरह काटा और तुरंत वापस अपने घर के अंदर भाग गया। हमले से घबराया हुआ बच्चा साइकिल से बेकाबू खोकर सड़क पर गिर पड़ा, जिससे उसे शरीर पर कई जगह गंभीर चोटें और खरोंचें आईं। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग तुरंत मौके पर इकट्ठा हुए और घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

गलती मानने के बजाय पीड़ित परिवार को दी धमकी

स्थिति तब तनावपूर्ण हो गई, जब पीड़ित के माता-पिता ने श्याम और विजयलक्ष्मी से सवाल-जवाब किए। माता-पिता ने पूछा कि खतरनाक जानवर को खुला क्यों छोड़ा गया था, जबकि सरकार के सख्त नियम हैं कि रॉटवाइलर जैसी बड़ी और खतरनाक नस्ल के डॉग्स को मज़ल (मुंह पर जाली) पहनाकर और सुरक्षित बाउंड्री के अंदर रखना चाहिए। 

लेकिन अफसोस जताने के बजाय, डॉग के मालिक कथित तौर पर  गुस्से से भर गए। उन्होंने पीड़ित के माता-पिता पर चिल्लाना शुरू कर दिया, झूठा दावा किया कि बच्चे ने डॉग को उकसाया था, और साफ तौर पर चेतावनी दी कि अगर उन्होंने औपचारिक पुलिस शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की तो उन्हें "गंभीर परिणाम" भुगतने होंगे।

पुलिस ने श्याम और विजयलक्ष्मी को नोटिस जारी कर पेश होने का निर्देश दिया है। साथ ही, GBA को पत्र लिखकर रॉटवाइलर मालिकों के लिए जारी दिशा-निर्देशों पर उनकी रिपोर्ट मांगी है।

ये भी पढ़ें-

संदेशखाली मामला: शेख शाहजहां समेत 4 आरोपियों पर आरोप तय, 27 करोड़ की संपत्ति जब्त

मध्य प्रदेश में UCC लागू करने की तैयारी, CM मोहन यादव ने बिल को लेकर दी बड़ी जानकारी

Latest India News