A
Hindi News भारत राष्ट्रीय वीडियो, बहादुरी और सोशल मीडिया की ताकत... बेंगलुरु में यूं पकड़े गए अकेली महिला से बदतमीजी करने वाले मनचले

वीडियो, बहादुरी और सोशल मीडिया की ताकत... बेंगलुरु में यूं पकड़े गए अकेली महिला से बदतमीजी करने वाले मनचले

बेंगलुरु में महिला से हुई छेड़छाड़ का मामला वायरल वीडियो के माध्यम से सामने आया, जहां चश्मदीद की हिम्मत और पीड़िता की सूझबूझ ने 3 शोहदों को पकड़वा दिया। इस मामले में सोशल मीडिया की ताकत देखने को मिली है।

Bengaluru eve teasing- India TV Hindi Image Source : @SURAJKRBAUDDH/X बेंगलुरु में मनचलों को पुलिस ने पकड़ लिया है।

बेंगलुरु: एक वीडियो, एक बहादुरी का कदम और सोशल मीडिया की ताकत- कर्नाटक के बेंगलुरु में महिला के साथ हुई छेड़छाड़ का केस ऐसे ही सामने आया। छेड़छाड़, सड़क पर पीछा, डर के साए के बीच पीड़िता की सावधानी और एक चश्मदीद की पहल ने 3 आरोपियों को पुलिस के शिकंजे में पहुंचा दिया, जिसमें एक नाबालिग भी शामिल है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है। इस आर्टिकल में जानें कि ये पूरा मामला क्या है?

कैसे हुआ महिला के साथ छेड़छाड़ का खुलासा?

बता दें कि बेंगलुरु, दक्षिण-पूर्व डिवीजन पुलिस ने जयानगर से बीटीएम लेआउट की ओर जा रही एक महिला के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना में तीन युवकों को पकड़ा है, इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। यह मामला सोशल मीडिया पर तब तेजी से वायरल हो गया जब अभिनव वासुदेवन, जो इस घटना के चश्मदीद हैं, ने 24 दिसंबर की रात लगभग 10 बजे महिला के साथ हो रही छेड़छाड़ का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए पोस्ट किया था।

पीड़िता महिला ने सुनाई आपबीती

फिर 26 दिसंबर को पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि वीडियो में दिख रही महिला वही थी जिसके साथ यह घटना हुई। उसने बताया कि जयानगर मेट्रो स्टेशन से निकलने के बाद तीन युवक, बाइक पर उसका पीछा करने लगे। सुनसान गलियों से होते हुए मुख्य सड़क तक उसका पीछा जारी रहा, जिससे उसको भारी मानसिक तनाव हुआ।

पीड़िता ने सामने से खींची आरोपियों की तस्वीर

बाद में हालात से निपटने के लिए पीड़िता ने उडुपी गार्डन सिग्नल पर अपनी गाड़ी धीमी की और सामने से आरोपियों की तस्वीर खींच ली। कैमरे में कैद होते देख तीनों लड़के भागने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने जानबूझकर अपनी टांग से मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट छिपाने की कोशिश की।

पुलिस ने आरोपियों पर लिया कड़ा एक्शन

जान लें कि पुलिस ने इस मामले में एक्शन लेते हुए आरोपियों की पहचान की और उन्हें पकड़ा। आरोपियों में 19-19 साल के रोशन और अयान हैं जो चिकन शॉप में काम करते हैं। इसके अलावा, गैराज में काम करने वाला एक नाबालिग भी है। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों पर कार्रवाई की है।

ये भी पढ़ें- 

दिग्विजय सिंह ने CWC की मीटिंग में कांग्रेस और राहुल गांधी के काम करने के तरीके पर उठाए सवाल! जानिए क्या कहा

TMC सांसद काकली घोष के परिवार का नाम SIR की ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं, EC ने 90 साल की मां और बेटों को सुनवाई के लिए बुलाया

Latest India News