1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर फटा ट्रांसफॉर्मर, पैदल चल रहा शख्स घायल, सामने आया धमाके का Video

बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर फटा ट्रांसफॉर्मर, पैदल चल रहा शख्स घायल, सामने आया धमाके का Video

बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर ट्रांसफॉर्मर के फटने का डराने वाला वीडियो सामने आया है। इस घटना की चपेट में पास में ही पैदल चल रहा एक शख्स आ गया और घायल हो गया है।

bengaluru amazon office transformer blast- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अमेजन ऑफिस के बाहर ट्रांसफॉर्मर फटा।

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में स्थित अमेजन ऑफिस के बाहर बुधवार को एक डराने वाला हादसा देखने को मिला। उत्तर-पूर्वी बेंगलुरु में बागलूर क्रॉस के पास अमेजन ऑफिस के बाहर फुटपाथ पर लगे एक ट्रांसफॉर्मर बॉक्स में बुधवार सुबह करीब 9:49 बजे धमाका हुआ, जिससे फुटपाथ पर चल रहा एक व्यक्ति घायल हो गया। यह घटना ऑफिस कैंपस के गेट नंबर 3 के बाहर हुई, जो येलाहंका ओल्ड टाउन पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है।

घायल व्यक्ति की पहचान

अमेजन ऑफिस के ट्रांसफॉर्मर फटने की घटना में घायल व्यक्ति की पहचान मोहम्मद अफरोज के तौर पर हुई है। घटना की पुष्टि करते हुए डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस (नॉर्थ ईस्ट) मिथुन कुमार ने कहा, "यह घटना अमेजन ऑफिस के गेट नंबर 3 पर हुई। बागलूर क्रॉस के पास येलहंका ओल्ड टाउन पुलिस स्टेशन इलाके में मोहम्मद अफरोज नाम का व्यक्ति घायल हुआ है। वह सुरक्षित है और अभी अस्पताल में है।"

डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई घटना

बेंगलुरु में अमेजन ऑफिस के बाहर हुए धमाके की घटना अरुण नाम के कार चालक के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गई, जिन्होंने अचानक हुए इस धमाके को देखा था। अरुण ने इस घटना के बारे में लिखा- "मेरे डैशकैम में घटना रिकॉर्ड हो गई। मैं कार से बाहर नहीं निकल सका क्योंकि वहां भारी भीड़ जमा हो गई थी और मेरे बच्चे कार के अंदर थे।" बिजली की खराबी के मामले में आगे की जांच चल रही है।

इधर, कोडगु में बाइक और कार की भीषण टक्कर

आपको बता दें कि कर्नाटक के कोडगु जिले से भी मंगलवार को एक भयानक हादसे की खबर सामने आई। कोडगु के चेरंबने के पास एक सड़क पर तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर भागमंडला जा रहे पर्यटकों के परिवार की किराए की कार से हो गई। इस भयानक एक्सीडेंट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हादसे में मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया और दोनों गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। बाइक सवार टक्कर के बाद हवा में करीब 15 फीट तक उछल गया और फिर जमीन पर गिरा। पुलिस ने इस मामले में BNS, 2023 की धारा 281 और 125(a) के तहत FIR दर्ज की है और मामले की जांच कर रही है।

ये भी पढ़ें- शख्स ने अपनी 2 बेटियों की गला दबाकर हत्या की, खुद का गला भी चाकू से काटने की कोशिश, बेंगलुरू एयरपोर्ट के पास की घटना

गजब! बेंगलुरु में 19 किमी का सफर 3 घंटे में? महिला ने शेयर किया ट्रैफिक में फंसने का खतरनाक अनुभव; Video Viral

Latest India News