A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पंतनगर यूनिवर्सिटी के BTech स्टूडेंट ने जनरल बिपिन रावत छात्रावास में किया सुसाइड, इंग्लिश मीडियम पढ़ाई से था परेशान

पंतनगर यूनिवर्सिटी के BTech स्टूडेंट ने जनरल बिपिन रावत छात्रावास में किया सुसाइड, इंग्लिश मीडियम पढ़ाई से था परेशान

नीरज ने सुसाइड नोट में अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई को लेकर अपनी असहजता और निराशा का जिक्र किया है। बेहद गरीब परिवार से आने वाले नीरज ने अब तक हिंदी माध्यम से पढ़ाई की थी, जिससे बीटेक की अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं उसे समझ में नहीं आती थीं।

मृतक छात्र का फाइल...- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतक छात्र का फाइल फोटो।

उधम सिंह नगर (उत्तराखंड): पंतनगर विश्वविद्यालय परिसर के जनरल बिपिन रावत छात्रावास में शुक्रवार दोपहर बीटेक प्रथम वर्ष के छात्र नीरज का शव फंदे से लटका मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रुद्रपुर भेज दिया। इस दर्दनाक घटना से छात्रावास में शोक और दहशत का माहौल है।

किच्छा के दरऊ का रहने वाला 20 वर्षीय नीरज, छोटे लाल का बेटा था और हाल ही में उसने इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में एडमिशन लिया था। छात्रावास के कमरा नंबर-75 में वह दो अन्य छात्रों के साथ रह रहा था। 20 अगस्त को विश्विद्यालय खुलने के बाद ही सभी छात्र यहां पहुंचे थे।

इस प्रकार रहा घटनाक्रम-

शुक्रवार सुबह लगभग 9:30 बजे सभी छात्र अपनी कक्षाओं के लिए निकल गए। नीरज ने साथियों से कहा कि उसका पढ़ने का मन नहीं है और वह कमरे में ही रुका रहा। दोपहर करीब 1:30 बजे लंच के समय जब उसके साथी लौटे और दरवाजा खटखटाया तो कोई जवाब नहीं मिला। काफी देर इंतजार के बाद सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी गई। उच्चाधिकारियों और पुलिस की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया तो सबके होश उड़ गए, नीरज रस्सी के सहारे पंखे से लटका मिला।

सुसाइड नोट में लिखी पीड़ा

मौके से मिले सुसाइड नोट में नीरज ने अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई को लेकर अपनी असहजता और निराशा का जिक्र किया है। बेहद गरीब परिवार से आने वाले नीरज ने अब तक हिंदी माध्यम से पढ़ाई की थी, जिससे बीटेक की अंग्रेजी माध्यम की कक्षाएं उसे समझ में नहीं आती थीं। इससे वह गहरे तनाव में था और बार-बार पढ़ाई छोड़ने की बात करता था।

परिजनों ने करवाई थी काउंसलिंग  

2 दिन पहले ही नीरज के परिजन विश्वविद्यालय पहुंचे थे। उन्होंने विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. स्वामी और एडवाइजर डॉ. अलकनंदा अशोक से मिलकर उसकी काउंसलिंग करवाई थी। बावजूद इसके नीरज का तनाव कम नहीं हुआ और वह लगातार घर लौटने की जिद कर रहा था।

पुलिस जांच जारी

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विवि प्रशासन ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। इस हादसे ने फिर से यह सवाल खड़ा कर दिया है कि उच्च शिक्षा में भाषा की बाधा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर छात्रों को पर्याप्त सहयोग और परामर्श क्यों नहीं मिल पा रहा। 

(रिपोर्ट- नाहिद खान)

यह भी पढ़ें-

MP: महिला के साथ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद BJP के पूर्व नेता ने की सुसाइड की कोशिश, हालत नाजुक

'मुझे पुलिस चौकी में बेइज्जत किया गया', अमरोहा में सुसाइड से पहले व्यापारी ने बनाया वीडियो; नोट लिखकर छोड़ा

Latest India News