1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. CISF ने गोवा एयरपोर्ट पर पकड़े ब्लूटूथ से परीक्षा में नकल करने वाले डिवाइस, दो यात्री भी दबोचे गए; जानें पूरा मामला

CISF ने गोवा एयरपोर्ट पर पकड़े ब्लूटूथ से परीक्षा में नकल करने वाले डिवाइस, दो यात्री भी दबोचे गए; जानें पूरा मामला

CISF की मुस्तैदी से गोवा एयरपोर्ट पर दो ऐसे लोगों को पकड़ गया है, जिनके पास ब्लूटूथ से परीक्षा में नकल करने वाले डिवाइस थे। आरोपियों के पास से दो एडमिट कार्ड भी मिले हैं।

CISF ने एयरपोर्ट पर पकड़ा...- India TV Hindi
Image Source : REPORTERS INPUT CISF ने एयरपोर्ट पर पकड़ा नकल करने वाला डिवाइस।

गोवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट डबोलिम में बीते शनिवार को CISF के जवानों ने घरेलू उड़ान से जाने वाले 2 यात्रियों को पकड़ा। ये यात्री कॉम्पिटिटिव परीक्षाओं में नकल करने के लिए इस्तेमाल होने वाले ब्लूटूथ डिवाइस छिपाकर ले जा रहे थे। बरामद सामान के साथ दोनों यात्रियों को लोकल पुलिस के हवाले कर दिया गया और उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

3 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और 2 सिम कार्ड पकड़े गए

बता दें कि शनिवार को दोपहर करीब 2:25 बजे, एक यात्री, जिसने एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1340 से गोवा से दिल्ली जाने के लिए बुकिंग कराई थी, ने प्री-एम्बार्केशन सिक्योरिटी चेकपॉइंट पर एक्स-रे स्क्रीनिंग के लिए अपना हैंडबैग रखा। तब CISF के स्क्रीनर को एक्स-रे इमेज में कुछ संदिग्ध चीजें दिखीं। इसके बाद, CISF जवान ने बैग की फिजिकल जांच के लिए आगे भेजा। फिर, तलाशी के दौरान 3 इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, 2 सिम कार्ड और 3 ब्लूटूथ ईयरपीस बरामद हुए, ये वही डिवाइस थे जिनका इस्तेमाल कॉम्पिटिटिव परीक्षाओं में नकल करने के लिए किया जाता है।

एग्जाम का एडमिट कार्ड भी हुआ बरामद

दरअसल, जब गोवा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात CISF के जवानों ने यात्री से पूछताछ की, तो उसने माना कि ये डिवाइस एग्जाम में नकल करने के लिए थे। उसने यह भी बताया कि उसके साथ सफर कर रहा एक अन्य साथी उसी फ्लाइट में पहले ही सवार हो चुका था। फिर एयरलाइन स्टाफ की मदद से, CISF कर्मियों ने उसके साथी यात्री को विमान से नीचे उतारा। उसके हैंडबैग की तलाशी लेने पर भी वैसा ही एक डिवाइस, दो ब्लूटूथ ईयरपीस, एक सिम कार्ड और उसी दिन हुई IIT गोवा नॉन-टीचिंग स्टाफ भर्ती परीक्षा में एडमिनिस्ट्रेटिव असिस्टेंट पद का एक एडमिट कार्ड मिला। उसने माना कि वह डिवाइस उसी परीक्षा में इस्तेमाल के लिए था।

आरोपी ने कबूली दूसरे अभ्यर्थी की जगह एग्जाम देने की बात

इसके बाद संबंधित इंटेलिजेंस एजेंसियों के साथ दोनों आरोपियों से संयुक्त रूप से पूछताछ की गई। पहले आरोपी ने बताया कि वह किसी दूसरे उम्मीदवार की जगह उसी परीक्षा में शामिल हुआ था। इस दौरान, 2 अन्य व्यक्तियों के आधार कार्ड भी बरामद किए गए हैं, जिन्हें उसने सिक्योरिटी होल्ड एरिया में फेंक दिया था।

पुलिस को सौंपे गए बरामद हुए डॉक्यूमेंट्स

दोनों यात्रियों और बरामद किए गए सभी डिवाइस और डॉक्यूमेंट्स को डबोलिम एयरपोर्ट थाने को सौंप दिया गया। एग्जाम सेंटर पोंडा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आता है, इसलिए बाद में उन्हें वहां सौंप दिया गया। दोनों के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है और लोकल पुलिस आगे की जांच कर रही है।

यात्री के बैग की स्क्रीनिंग के दौरान हुई पकड़

बता दें कि CISF देशभर के हवाई अड्डों पर एविएशन सिक्योरिटी के रूप में काम करती है। इस केस में, स्क्रीनिंग करने वाले कर्मचारियों की सावधानी की वजह से डिवाइस का पता चला और दोनों यात्रियों को परीक्षा में कथित गड़बड़ी से जुड़े सामान के साथ गोवा से बाहर जाने से रोका जा सका। इससे पहले, राजस्थान में सीकर के कॉलेज में PGDCA परीक्षा के दौरान खुलेआम हो रही सामूहिक नकल पकड़ी गई थी, जिसका VIDEO सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था।

ये भी पढ़ें- राजगढ़ में शिक्षकों का फर्जीवाड़ा, नकली मार्कशीट लगाकर नौकरी कर रहे टीचर सस्पेंड, 8 के खिलाफ एफआईआर दर्ज

Latest India News