1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पैर धोए, आशीर्वाद लिया... CM पुष्कर धामी ने हरिद्वार में कांवड़ियों का यूं किया सम्मान; देखें Photos

पैर धोए, आशीर्वाद लिया... CM पुष्कर धामी ने हरिद्वार में कांवड़ियों का यूं किया सम्मान; देखें Photos

हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांवड़ियों का पैर धोकर स्वागत किया। इस दौरान कांवड़िए सीएम को आशीर्वाद देते नजर आए।

pushkar singh dhami - India TV Hindi
Image Source : X मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शिव भक्तों के चरण धोए।

हरिद्वार में जारी कांवड़ यात्रा के दौरान बृहस्पतिवार को शिव भक्त कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्पवर्षा की गई और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके चरण धोकर उनका सम्मान किया। धर्मनगरी हरिद्वार में इन दिनों चारों और भगवा बाना पहने कांवड़ियों की चहल पहल है और हर तरफ 'बोले बम' और 'हर हर महादेव' का नारा गूंज रहा है। रोजाना हजारों की संख्या में कांवड़िए हरिद्वार में गंगा जल लेने के लिए आ रहे हैं।

कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हरिद्वार में कांवड़ियों पर आसमान से हेलीकॉप्टर के जरिए पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया गया। धामी ने यहां पहुंचकर कांवड़ियों के चरण धोकर उनका सम्मान किया। उन्होंने शिवभक्तों को माला पहनाई और उन्हें फल प्रदान किए।

Image Source : ptiकांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई।

इस अवसर पर सीएम धामी ने मीडिया से बातचीत करते हुए भगवान शिव के भक्तों की सेवा और सम्मान का मौका मिलने पर स्वयं को सौभाग्यशाली बताया और कहा कि यह बहुत पवित्र, पौराणिक और कठिन यात्रा है जिसमें शिव भक्त सैकड़ों किलोमीटर की पैदल यात्रा करके पवित्र गंगा जल लेने यहां आते हैं और पैदल ही अपने गंतव्य तक पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।

Image Source : ptiशिवभक्तों के चरण धोते हुए सीएम धामी।

उन्होंने कहा, “यह हमारे लिए गर्व की बात है कि हम उनके पैर धोकर स्वागत सम्मान कर रहे हैं। हम भगवान शिव से कांवड़ियों की सुरक्षित और सुगम यात्रा की कामना करते हैं।” कुछ कांवड़ियों द्वारा हंगामा, तोड़फोड़ व मारपीट किए जाने के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस तरह से भगवान शिव ने लोगों के कल्याण के लिए स्वयं विषपान किया था, शिव भक्तों को भी उनसे जनकल्याण की प्रेरणा लेनी चाहिए।

Image Source : ptiशिवभक्त बालिका के चरण धोते हुए सीएम धामी।

कांवड़ यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए उन्होंने कांवड़ियों से अपील की कि अगर किसी को कुछ कठिनाई भी होती है तो वह भगवान शिव का ध्यान करते हुए दूसरों के लिए कठिनाई न पैदा करें। 

Image Source : ptiशिवभक्तों का हालचाल लेते हुए सीएम धामी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड पवित्र देवभूमि है और देव भूमि का मूल स्वरूप बरकरार रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की जनसांख्यिकीय को सुरक्षित रखने के लिए राज्य में धर्मांतरण विरोधी, ‘भूमि जिहाद’, ‘लव जिहाद’ आदि को लेकर कठोर कदम उठाए गए हैं और देश में पहली बार राज्य के सभी नागरिकों पर समान नागरिक संहिता लागू की गई है। 

यह भी पढ़ें-

लंकेश भी भोले को खुश को करने चल पड़े हैं! कांवड़ ले जाते शख्स का Video हुआ वायरल, लोगों ने किए कमेंट

कांवड़ यात्रा पर दिग्विजय सिंह ने खड़े किए सवाल, नमाज की फोटो भी शेयर की, भाजपा नेता ने बता दिया मौलाना

Latest India News