दिल्ली आतंकी हमला: डॉ. शाहीन को लेकर चौंकाने वाला खुलासा, जानें एक्स हसबैंड, भाई और पिता ने क्या बताया?
दिल्ली में बम ब्लास्ट की घटना को सरकार ने आतंकी हमला बताया है। इस मामले की आरोपी डॉक्टर शाहीन को लेकर चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जानें उसके पूर्व पति, भाई और पिता ने क्या बताया है?

दिल्ली के लाल किला विस्फोट मामले में गिरफ्तार डॉक्टर शाहीन शाहिद के बड़े भाई ने अपनी बहन के आतंकवादी गतिविधियों में शामिल होने को लेकर अविश्वास जताया और कहा कि उनके परिवार को अब भी यह यकीन नहीं हो रहा है कि शाहीन किसी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल रही होगी। दूसरी ओर, शाहीन के पूर्व पति ने कहा कि शाहीन ने कभी अपने विवाहित जीवन में बुर्का नहीं पहना। वो अपने बच्चों के लिए एक प्यारी और देखभाल करने वाली मां थीं, और बेहतर जीवन की चाहत में वह विदेश जाना चाहती थी।
शाहीन के भाई ने बताया-हम संपर्क में नहीं थे
शाहीन के भाई मोहम्मद शोएब ने कहा कि आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) और पुलिस के अधिकारी उनके घर आए थे, उन्होंने घर की तलाशी ली और सामान्य तरीके से सवाल पूछे। शोएब ने बताया कि पिछले चार सालों से वह और उसकी बहन एक-दूसरे के संपर्क में नहीं थे। हमारी आखिरी बार बात हुए चार साल हो गए हैं। माता-पिता कभी-कभार उसका हालचाल पूछते थे। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह कभी लखनऊ में आईआईएम रोड के पास उनके घर गए हैं, तो शोएब ने कहा, ‘‘नहीं, मैं वहां कभी नहीं गया।’’
पूर्व पति ने बताया-हमारा तलाक हो गया, वो अच्छी है
डॉक्टर शाहीन के पूर्व पति डॉक्टर जफर हयात ने बताया कि उन्हें कल शाम ही इस मामले में उसकी संलिप्तता के बारे में पता चला। हयात ने कहा कि उनकी और शाहीन की शादी नवंबर 2003 में हुई थी और दोनों ने अलग-अलग मेडिकल की पढ़ाई की थी, और वह शाहीन के सीनियर थे। उन्होंने कहा, हमारा तलाक 2012 के अंत में हुआ था। मुझे नहीं पता कि उसके दिमाग में क्या चल रहा था जिसके कारण यह हुआ। हमारे बीच कभी कोई विवाद या झगड़ा नहीं हुआ। वह एक प्यार करने वाली और खयाल रखने वाली इंसान थी।
बच्चों से बेहद प्यार करती थी शाहीन
उन्होंने कहा कि तलाक के बाद से उनके बीच कोई संपर्क नहीं रहा। हयात ने कहा, "मुझे कभी अंदाज़ा नहीं था कि वह ऐसी गतिविधियों में शामिल हो सकती है। वह अपने परिवार और बच्चों से बहुत जुड़ी हुई थी, उनसे बेहद प्यार करती थी और उनकी पढ़ाई का ध्यान भी रखती थी। शाहीन ने शादी की रस्मों के अलावा कभी बुर्का नहीं पहना। हमारा तलाक बहुत पहले, 2012 में हुआ था, और अगर वह बाद में किसी चीज़ में शामिल हुई, तो मुझे उसके बारे में कुछ नहीं पता।" हयात ने पत्रकारों को बताया कि अपनी शादी के दौरान उसने कभी भी (आतंकवादी गतिविधियों की ओर झुकाव का) कोई संकेत नहीं दिखाया।
शाहीन ने पति से विदेश चलने को कहा था
उन्होंने कहा कि एक बार शाहीन से बातचीत हुई थी, जिसमें उसने बेहतर जीवन स्तर और बेहतर वेतन के लिए ऑस्ट्रेलिया या यूरोप में बसने का सुझाव दिया था। नेत्र रोग विशेषज्ञ हयात ने संवाददाताओं को बताया, "लेकिन मैंने उससे कहा कि हम यहां पहले से ही अच्छा जीवन जी रहे हैं, अच्छी नौकरियां हैं, बच्चे हैं, हमारे रिश्तेदार और यहां सब लोग हैं, हम वहां अकेला महसूस करेंगे।"
फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़ी डॉक्टर शाहीन शाहिद, सोमवार को लाल किले के पास हुए विस्फोट के बाद गिरफ्तार किए गए लोगों में शामिल थीं। पुलिस को संदेह है कि वह उसी विश्वविद्यालय के एक अन्य संकाय सदस्य डॉ.मुज़म्मिल गनई से जुड़ी थीं, जिस पर प्रतिबंधित संगठनों जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़े एक "सफेदपोश आतंकी मॉड्यूल" का हिस्सा होने का आरोप है।
आतंक से जुड़े हैं शाहीन के तार
अधिकारियों ने बताया कि कश्मीर, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में फैले इस मॉड्यूल का पर्दाफाश 2,900 किलोग्राम विस्फोटक बरामद होने और अल-फलाह विश्वविद्यालय के तीन डॉक्टरों सहित आठ लोगों की गिरफ्तारी के बाद हुआ। जांचकर्ताओं ने दावा किया है कि शाहीन भारत में जैश-ए-मोहम्मद की महिला भर्ती शाखा, जमात-उल-मोमिनात का नेतृत्व कर रही थी।
पिता ने कहा-स्तब्ध हूं
उसके पिता, सैयद अहमद अंसारी ने बताया कि वह उसकी कथित संलिप्तता के बारे में सुनकर "स्तब्ध" हैं। उन्होंने कहा, "मैंने शाहीन से आखिरी बार लगभग एक महीने पहले बात की थी। मैंने उसे कभी भी डॉ.मुज़म्मिल या ऐसी गतिविधियों में शामिल किसी भी व्यक्ति का ज़िक्र करते नहीं सुना। साथ ही उन्होंने बताया कि उनकी बेटी ने प्रयागराज से अपनी मेडिकल की पढ़ाई पूरी की है।
(इनपुट-पीटीआई)
ये भी पढ़ें:
दिल्ली ब्लास्ट का नया VIDEO आया सामने, धमाका होते ही कई फीट ऊंचे उड़े वाहनों के परखच्चे
दिल्ली के लाल किले के पास हुए ब्लास्ट में कितनी गाड़ियों को पहुंचा नुकसान? सामने आया आंकड़ा