कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब लखनऊ जा रही इंडिगो की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने के बाद फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। विमान के टॉयलेट में एक धमकी भरा नोट मिलने के बाद पायलट ने सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए विमान को वापस बेंगलुरु की ओर मोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E-451 शनिवार, 7 नवंबर 2026 को बेंगलुरु से लखनऊ के लिए रवाना हुई थी। विमान अपने गंतव्य की ओर बढ़ रहा था, तभी क्रू मेंबर्स की नजर विमान के वॉशरूम में रखे एक संदिग्ध नोट पर पड़ी। नोट में विमान को हाईजैक करने की धमकी दी गई थी। इसके बाद विमान में सुरक्षा को लेकर तत्काल सतर्कता बरती गई।
पायलट ने लिया यू-टर्न, बेंगलुरु लौटाया विमान
धमकी भरा संदेश मिलने के बाद पायलट ने बिना देर किए संबंधित अधिकारियों को इसकी सूचना दी और तय सुरक्षा प्रक्रिया के तहत विमान को वापस बेंगलुरु लाने का फैसला किया। विमान के केम्पेगौड़ा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 पर उतरते ही सुरक्षा एजेंसियों और विमानन सुरक्षा अधिकारियों ने उसे अपने नियंत्रण में ले लिया।
इसके बाद विमान को अन्य गतिविधियों से अलग कर दिया गया और उसमें एंटी-सैबोटाज जांच सहित व्यापक सुरक्षा तलाशी अभियान शुरू किया गया। अधिकारियों की ओर से यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि धमकी भरा नोट किसने और किन परिस्थितियों में विमान के अंदर रखा था।
इंडिगो ने जारी किया बयान
इस घटना पर इंडिगो के प्रवक्ता ने आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि 7 नवंबर को बेंगलुरु से लखनऊ जा रही फ्लाइट 6E-451 में सुरक्षा संबंधी खतरे की सूचना मिली थी। निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के तहत तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित किया गया और जरूरी सुरक्षा जांच के लिए विमान को उसके मूल स्थान यानी बेंगलुरु वापस लाने का निर्णय लिया गया। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि प्रभावित यात्रियों को जलपान उपलब्ध कराया जा रहा है और उन्हें समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी जा रही है। सभी आवश्यक सुरक्षा मंजूरी मिलने के बाद फ्लाइट को दोबारा लखनऊ के लिए रवाना किया जाएगा।
फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। विमान में मिले धमकी भरे नोट के पीछे किसका हाथ है, इसका पता लगाने की कोशिश की जा रही है। एयरलाइन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों, क्रू मेंबर्स और विमान की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इससे पहले हाल ही में फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की इंटरनेशनल फ्लाइट की जयपुर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई थी। फ्लाइट को हाईजैक करने का अलर्ट जाने होने के बाद इसकी लैंडिंग हुई थी।
(इनपुट- ANI)
यह भी पढ़ें-
कोलकाता एयरपोर्ट पर हड़कंप, फुकेत से आई फ्लाइट के टॉयलेट के शीशे पर लिखा मिला "विमान में बम है"
Latest India News