नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में चेहरा झुलसा देने वाली भीषण गर्मी पड़ रही है। लू चलने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले 4-5 दिनों तक मध्य और उत्तर-पश्चिम भारत के बड़े हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक भीषण गर्मी पड़ेगी और गंभीर लू की स्थिति बनी रहने की संभावना है।
देश के किन हिस्सों में चलेगी लू और पड़ेगी भीषण गर्मी?
मौसम विभाग ने गुरुवार को बताया कि पूर्वी मध्य प्रदेश, राजस्थान और विदर्भ में गंभीर लू की स्थिति बनी रहने की अधिक संभावना है। छत्तीसगढ़, तटीय आंध्र प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्मी पड़ेगी और लू चलेगी। इसके लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है। विदर्भ के कुछ अलग-अलग स्थानों पर रात के समय भी गर्मी (Warm Night) बनी रहने की बहुत अधिक संभावना है। गुजरात, कोंकण, गोवा, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में मौसम गर्म और उमस भरा रहने की बहुत अधिक संभावना है।
तापमान 43-47°C के बीच कहां-कहां?
मौसम विभाग ने बताया कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत देश के कई राज्यों में पारा 43-47°C के बीच दर्ज किया जा रहा है। ज्यादातर जगहों पर तापमान 45 डिग्री को पार कर गया है। गुरुवार को देश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 48.2°C श्रीगंगानगर (राजस्थान) में दर्ज किया गया। राज्यस्थान के कई जिलों में तापमान 46 से 47 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। पूर्वी राजस्थान, जम्मू-कश्मीर-लद्दाख, पश्चिमी मध्य प्रदेश में सामान्य से काफी ज्यादा तापमान दर्ज किया जा रहा है। केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में रातें भी गर्म हैं। 28-29 मई को छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब, पश्चिमी मध्य प्रदेश और पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में लू चलने की बहुत ज़्यादा संभावना है। 28-31 मई के दौरान ओडिशा में भी भीषण गर्मी पड़ने के आसार हैं।
कब होगी बारिश?
इस बीच देश के कई राज्यों में मौसम विभाग ने बारिश की चेतावनी भी दी है। दिल्ली, यूपी, झारखंड और राजस्थान समेत कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। 28 मई से 1 जून के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, लक्षद्वीप और तेलंगाना में 40-50 किमी की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और राजस्थान में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही 70 किमी की रफ्तार से आंधी भी चल सकती है। बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ेंः यूपी में खराब होने वाला है मौसम, 50 से ज्यादा जिलों में बारिश की चेतावनी, गिर सकते हैं ओले; 100 किमी की रफ्तार से चलेगी आंधी
राजस्थान का श्रीगंगानगर बना दुनिया का सबसे ज्यादा गर्म स्थान, जानिए कब मिलेगी चेहरा झुलसा देने वाली गर्मी से राहत
Latest India News