1. Hindi News
  2. राजस्थान
  3. राजस्थान का श्रीगंगानगर बना दुनिया का सबसे ज्यादा गर्म स्थान, जानिए कब मिलेगी चेहरा झुलसा देने वाली गर्मी से राहत

राजस्थान का श्रीगंगानगर बना दुनिया का सबसे ज्यादा गर्म स्थान, जानिए कब मिलेगी चेहरा झुलसा देने वाली गर्मी से राहत

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : May 27, 2026 10:57 pm IST,  Updated : May 27, 2026 11:24 pm IST

भारत-पाकिस्तान सीमा के पास स्थित श्री गंगानगर बुधवार को दुनिया का सबसे गर्म स्थान बन गया। इस ज़िले का तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी- India TV Hindi
राजस्थान में पड़ रही भीषण गर्मी Image Source : PTI

जयपुरः राजस्थान के कई जिलों में भीषण गर्मी पड़ रही है। दुनिया में बुधवार को सबसे गर्म स्थान श्री गंगानगर में दर्ज किया गया, जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीकानेर में 46.6°C तापमान दर्ज किया गया, जबकि जैसलमेर और चूरू में तापमान 46.4°C तक पहुंच गया। राजस्थान में भीषण गर्मी का अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि दुनिया के सबसे ज्यादा गर्म शहरों में तीन राजस्थान के हैं। पिलानी में 47 डिग्री और बीकानेर में 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

इस वजह से पड़ रही भीषण गर्मी

मौसम विभाग के विशेषज्ञों के अनुसार, राजस्थान में भीषण गर्मी इसलिए पड़ रही है, क्योंकि उत्तर-पश्चिमी भारत, खासकर राजस्थान के ऊपर कोई सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) नहीं है। कई दिनों तक एक जैसा तापमान रहने और आसमान साफ़ होने की वजह से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और नई दिल्ली भीषण गर्मी पड़ रही है।

इन जगहों पर भी पड़ रही भीषण गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, फलौदी में 46.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी जयपुर का अधिकतम तापमान 43.7 डिग्री दर्ज हुआ। बुधवार को अधिकांश प्रमुख शहरों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा। जयपुर स्थित मौसम केंद्र के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि अगले 24 घंटे तक बीकानेर एवं कोटा संभागों और शेखावाटी क्षेत्र में तापमान 46 से 47 डिग्री तक रह सकता है जबकि पश्चिमी राजस्थान के सीमा क्षेत्रों में 27 और 28 मई को तापमान 48 डिग्री तक दर्ज किया जा सकता है। मौसम विभाग ने 28 मई के लिए 'ऑरेंज' अलर्ट जारी किया है। 

श्रीगंगानगर बना दुनिया का सबसे ज्यादा गर्म स्थान
Image Source : ELDORADOWEATHERश्रीगंगानगर बना दुनिया का सबसे ज्यादा गर्म स्थान

28 मई से मिल सकती है गर्मी से राहत

इस बीच, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 28 मई से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-बारिश शुरू होने का अनुमान है। राधेश्याम शर्मा ने बताया कि 29 एवं 31 मई के बीच इसका अधिकतम असर रहेगा, फलस्वरूप जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर एवं बीकानेर संभागों में धूल भरी आंधी, 60–70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, 29 मई से तापमान में दो–तीन डिग्री की गिरावट दर्ज होने का अनुमान है, जिससे लू से राहत मिलेगी।  

ये भी पढे़ंः VIDEO: कोटा में हवाला के 2.24 करोड़ जब्त, कार में सीट के नीचे बने 2 गुप्त बॉक्सों से निकला पैसा

आसाराम पर गैंगरेप के चार्ज हटाए गए लेकिन यौन उत्पीड़न मामले में उम्रकैद बरकरार, फौरन करना होगा सरेंडर

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। राजस्थान से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।