नई दिल्ली: भारत ने लक्षद्वीप के पास बीच समुद्र में बहुत बड़ी कार्रवाई की है और 5 पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़ा है। इनके पास से 500 किलो से ज्यादा ड्रग्स बरामद हुआ है, जिसकी इंटरनेशनल मार्केट में कीमत करीब 3 हजार करोड़ रुपए है।
क्या है पूरा मामला?
गुजरात ATS, कोस्ट गार्ड और केंद्रीय एजेंसियों ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में लक्षद्वीप के पास बीच समुद्र में एक ईरानी बोट में 5 पाकिस्तानी नागरिकों को 500 किलो से ज्यादा ड्रग्स के साथ पकड़ा।
ये ड्रग्स METH एवं HEROINE बताया जा रहा है और इसे तमिलनाडु ले जाया जा रहा था। इंटरनेशनल मार्केट में इसकी कीमत करीब 3000 करोड़ बताई जा रही है।
अब गुजरात ATS की टीम आरोपियों और ड्रग्स से भरी बोट को लेकर मुंबई पोर्ट पर पहुंची है।
पकड़े गए पाकिस्तानी नागरिकों की तस्वीर सामने आई
Image Source : Reporter Inputपकड़े गए पांचों पाकिस्तानी नागरिकों की तस्वीर सामने आई
ड्रग्स तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम
भारत की इस कार्रवाई से ड्रग्स तस्करी की एक बड़ी कोशिश नाकाम की गई है। ये एक बड़ा इंटरनेशनल सिंडिकेट था, जिससे करीब 3 हजार करोड़ की ड्रग्स जब्त की गई। भारत ने सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर समुद्र और हवा से निगरानी करते हुए, संदिग्ध ईरानी नाव (dhow) का लगातार पीछा किया और 25 सितंबर 2026 को उसे रोककर उस पर कब्ज़ा कर लिया।
समुद्र में हुए इस ऑपरेशन में लगभग 526 किलोग्राम उच्च-गुणवत्ता वाली प्रतिबंधित ड्रग्स (हेरोइन और मेथामफेटामाइन) ज़ब्त की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 3000 करोड़ से ज्यादा है। साथ ही, नाव चला रहे पांच पाकिस्तानी नागरिकों को भी तुरंत हिरासत में ले लिया गया।
पकड़ी गई नाव, उसके चालक दल और जब्त ड्रग्स को कड़ी सुरक्षा के बीच मुंबई लाया गया है, ताकि संयुक्त पूछताछ और कई एजेंसियों द्वारा कानूनी कार्रवाई की जा सके।
समुद्र में भारत की कार्रवाई का वीडियो भी सामने आया
गौरतलब है कि केंद्र सरकार का पहले से विजन रहा है कि देश नशा मुक्त हो और सरकार ने तमाम मौकों पर 'नशा मुक्त भारत अभियान' भी चलाया है। ऐसे में नशे के खिलाफ ये कार्रवाई दर्शाती है कि भारत की नशे के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और भारत का मजबूत निगरानी तंत्र भारत के समुद्री इलाकों में भी अलर्ट मोड में है। ये दर्शाता है कि तटरक्षक बल देश की समुद्री सीमाओं की रक्षा करने, युवाओं को ड्रग्स के खतरे से बचाने और समुद्री क्षेत्र में पूरी सुरक्षा बनाए रखने के लिए हमेशा तैयार हैं।
इससे पहले भी 226 करोड़ रुपये का ‘डर्टी क्रिप्टो’ नेटवर्क बेनकाब हो चुका है और चार्जशीट में ड्रग्स से आतंकी फंडिंग तक कई बड़े खुलासे हो चुके हैं।
ये भी पढ़ें-
श्रीनगर में ड्रग्स तस्करी के मामले में 7 करोड़ रुपये से ज्यादा की संपत्तियां कुर्क, UAPA के तहत हुई कार्रवाई
Latest India News