A
Hindi News भारत राष्ट्रीय बेटी के पिता ने पुलिस थाने के बाहर खा लिया जहर, POCSO का मामला दर्ज करने में देरी का आरोप

बेटी के पिता ने पुलिस थाने के बाहर खा लिया जहर, POCSO का मामला दर्ज करने में देरी का आरोप

कर्नाटक के चित्रदुर्गा में बेटी के पिता ने पुलिस थाने के बाहर जहर खा लिया जिसके बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस पर POCSO का मामला दर्ज करने में देरी का आरोप लगा है।

chitradurga man suicide police station- India TV Hindi Image Source : PEXELS सांकेतिक फोटो।

कर्नाटक के चित्रदुर्गा से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स ने पुलिस स्टेशन के बाहर जहर खा लिया है। जानकारी के मुताबिक, व्यक्ति ने अपनी बेटी के प्रेमी के खिलाफ POCSO का मामला दर्ज करने में पुलिस की देरी के बाद कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है। आइए जानते हैं इस दु:खद घटना के बारे में विस्तार से।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, होलालकेरे तालुका के रहने वाले शख्स ने सोमवार को होलालकेरे पुलिस स्टेशन के सामने जहर खा लिया और बाद में उसकी मौत हो गई। पिता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी बेटी, जो कथित तौर पर नाबालिग थी, लापता हो गई है। जानकारी के मुताबिक, उसने कथित तौर पर एक हफ्ते पहले अंतर्जातीय प्रेम विवाह किया था।

लड़की की उम्र को लेकर विवाद

पुलिस ने कहा कि लड़की बालिग है, स्कूल रिकॉर्ड के अनुसार, उसकी उम्र 19 साल थी। इस मामले में पुलिस ने स्पष्ट किया कि लड़की के स्कूल के दस्तावेजों और आधार कार्ड में उसकी उम्र 18 साल से ज़्यादा दिखाई गई है। हालांकि, बाद में परिवार ने एक जन्म प्रमाण पत्र जमा किया, जिसमें दिखाया गया कि उसकी उम्र 18 साल से दो महीने कम थी।

पुलिस ने क्या बताया?

इस पूरी घटना के बारे में पुलिस ने कहा- "इससे पहले कि हम विरोधाभासी दस्तावेजों की पुष्टि कर पाते और कानूनी कार्रवाई शुरू कर पाते, शख्स ने यह कदम उठा लिया।" एफआईआर दर्ज करने में देरी और व्यक्ति की मौत के कारण होलालकेरे पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा हुआ। परिवार के सदस्यों ने थाने के प्रवेश द्वार पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। मृतक के परिवार के सदस्यों ने पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है और आरोप लगाया है कि लापरवाही और देरी के कारण शख्स की मौत हुई है। इस पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है।

ये भी पढ़ें- जेल में अकेली पड़ी सोनम रघुवंशी! न किसी कैदी से बात, न परिवार से मुलाकात, पढ़िए कैसे बीता जेल में पहला महीना

ओडिशा विजिलेंस विभाग ने DFO के 7 ठिकानों पर मारा छापा, 115 प्लॉट्स समेत करोड़ों की संपत्ति उजागर

Latest India News