कर्नाटक में नाटक देखने के दौरान मेहराब गिरने से 2 बच्चों की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल
कर्नाटक में नाटक देखने के दौरान मेहराब गिरने से 2 बच्चों की मौत, 5 लोग गंभीर रूप से घायल
Edited By : Dhyanendra Chauhan
Published : Apr 19, 2026 08:44 am IST,
Updated : Apr 19, 2026 08:48 am IST
नाटक देखने के दौरान जिन दो बच्चों की मौत हुई, उनमें से एक की उम्र 8 साल और दूसरे की उम्र मात्र 2 साल थी। दोनों के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
Image Source : REPORTER INPUTसांकेतिक तस्वीर
कर्नाटक के रायचूर जिले में शनिवार को खुले मंच पर नाटक के मंचन के दौरान मेहराब का एक हिस्सा गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई। कई लोग गंभीर रूप घायल हो गए। इसके बाद नाटक के मंचन के दौरान हड़कंप मच गया। पुलिस के अनुसार, यह घटना मानवी तालुक के बैल मरचड गांव में हुई।
मृतक बच्चों की हुई पहचान
पुलिस ने कहा कि जब सात लोग मेहराब के नीचे बैठकर नाटक देख रहे थे तभी अचानक ढांचा गिर गया, जिससे दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इन बच्चों की पहचान विश्वनाथ रामलिंग (8 वर्षीय) और संविता (2 वर्षीय) के रूप में हुई है। दोनों के शवों को मानवी सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में रखवाया गया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच
पुलिस ने कहा कि इस घटना में विशक्षी (25), लक्ष्मी (18), विशालाक्षी (25), यल्लम्मा (3) और बसम्मा (45) घायल हो गईं। सभी घायलों को रायचूर आयुर्वेद संस्थान में भर्ती कराया गया है। मानवी पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।