1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गाजियाबाद: 7 साल की मासूम से दरिंदगी का आरोपी अल्फाजुद्दीन के दोनों पैर में मारी गई गोली, हुआ गिरफ्तार

गाजियाबाद: 7 साल की मासूम से दरिंदगी का आरोपी अल्फाजुद्दीन के दोनों पैर में मारी गई गोली, हुआ गिरफ्तार

 Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Apr 19, 2026 07:49 am IST,  Updated : Apr 19, 2026 07:57 am IST

आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग करने की कोशिश की थी। तभी पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाते हुए आरोपी को घायल कर दिया। आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है। आरोपी मूल रूप से यूपी के फर्रुखाबाद का रहने वाला है।

आरोपी के पैर में गोली मारकर किया गया गिरफ्तार- India TV Hindi
आरोपी के पैर में गोली मारकर किया गया गिरफ्तार Image Source : REPORTER INPUT

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ हुई है। गाजियाबाद के थाना इन्दिरापुरम पुलिस ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए नीति खंड क्षेत्र में 7 वर्षीय मासूम के साथ दरिंदगी और चोरी करने वाले शातिर अपराधी को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

क्या है पूरा मामला?

घटना बीती 15/16 अप्रैल की रात की है, जब नीति खंड-2 स्थित एक निर्माणाधीन प्लॉट की झुग्गी में सो रही 7 वर्षीय मासूम बच्ची को आरोपी ने अगवा किया और पास के पार्क में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म की जघन्य वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने बच्ची को जान से मारने की धमकी देकर वापस छोड़ा और झुग्गी से 11,000 रुपये नकद व एक मोबाइल फोन चोरी कर फरार हो गया था।

ग्रीन बेल्ट पक दिखाई दिया संदिग्ध व्यक्ति

पुलिस टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। रविवार की रात गश्त के दौरान गौर ग्रीन से कनावनी पुलिया की ओर ग्रीन बेल्ट रोड पर एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस ने जब उसे रोकने का इशारा किया, तो उसने भागने का प्रयास किया।

दोनों पैरों पर मारी गई गोली

खुद को घिरा देख बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें बदमाश अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू (निवासी: फर्रुखाबाद, हाल निवासी: गाजियाबाद) घायल होकर गिर पड़ा। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है।

10 हजार रुपये भी बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से तमंचा, कारतूस और 10 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए चोरी व अन्य अपराध करता है। 

पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया मामला

इंदिरापुरम के एसपी अभिषेक श्रीवास्तव ने बताया कि चोरी किए गए रुपयों में से 1,000 रुपये उसने नशे पर खर्च कर दिए और मोबाइल किसी राहगीर को बेच दिया था। वह आज फिर किसी नई घटना को अंजाम देने की फिराक में घूम रहा था। गिरफ्तार अभियुक्त अल्फाजुद्दीन उर्फ भालू के खिलाफ थाना इन्दिरापुरम में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामले पंजीकृत हैं। पुलिस उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

जुबेर अख्तर की रिपोर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।