1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. AIMIM जॉइन करेंगे आजम खान? ओमप्रकाश राजभर के बयान से बढ़ी सियासी हलचल, बोले- 'सीएम पद चाहते हैं खान चचा'

AIMIM जॉइन करेंगे आजम खान? ओमप्रकाश राजभर के बयान से बढ़ी सियासी हलचल, बोले- 'सीएम पद चाहते हैं खान चचा'

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 23, 2026 11:53 am IST,  Updated : Oct 23, 2026 11:53 am IST

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश-आजम की मुलाकात को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आजम खान साइकिल छोड़कर पतंग उड़ाने वाले हैं।

ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश-आजम की मुलाकात पर साधा निशाना।- India TV Hindi
ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश-आजम की मुलाकात पर साधा निशाना। Image Source : PTI/X/OPRAJBHAR

लखनऊ: यूपी में विधानसभा चुनाव नजदीक है, इससे पहले सियासी पारा बढ़ता नजर आ रहा है। हाल ही में समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने रामपुर जेल में सपा नेता आजम खान से मुलाकात की। वहीं दोनों नेताओं की मुलाकात पर अब सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर की प्रतिक्रिया सामने आई है। ओमप्रकाश राजभर ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चचा साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में हैं। उनका इशारा आजम खान की तरफ था कि अब वह सपा छोड़कर एआईएमआईएम जॉइन करने की तैयारी में हैं। वहीं ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि आजम खान सीएम की कुर्सी की मांग कर रहे हैं।

ओमप्रकाश ने मुलाकात पर कसा तंज

दरअसल, सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर एक पोस्ट में ओमप्रकाश राजभर ने कहा, "अखिलेश जी, कैसी रही आज़म चचा से मुलाक़ात? सुना है चचा साइकिल छोड़ पतंग उड़ाने की तैयारी में हैं। सुने ये भी है कि आपके ख़याली गृहमंत्री ने आपसे सीधे सीधे कह दिया कि अगर पार्टी में रोकना है तो उन्हें गृह नहीं, सीएम की कुर्सी चाहिए। यूपी के मुसलमानों ने सैफई वालों को कई बार मुख्यमंत्री बना दिया... थोड़ा बलिदानी आपको बनने की नसीहत मिलने लगी है।"

ओमप्रकाश राजभर ने अपनी पोस्ट में आगे कहा, "रामपुर से हमारे विश्वस्त सूत्र बता रहे हैं कि ख़ान चचा से आपकी बात बन नहीं पाई! सेटिंग नहीं बैठ पाई। ओवैसी ने रामपुर में आपका काम लगा दिया। सुनिए महाराज, वैसे भी आपकी सरकार आने नहीं जा रही इसलिए दिल पर पत्थर रखकर घोषणा कर दीजिए कि सपा की सरकार बनने पर किसी मुस्लिम को मुख्यमंत्री बनाएंगे।"

बीजेपी ने भी अखिलेश पर साधा निशाना

बता दें कि इससे पहले समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने गुरुवार को रामपुर जिला जेल में आजम खान से मुलाकात की थी। इस पर बीजेपी ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि इस मुलाकात से विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी की प्राथमिकताओं का पता चलता है। बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े ने दावा किया कि अगर समाजवादी पार्टी सत्ता में आती है, तो वह आजम खान को राज्य का गृह मंत्री बनाने की योजना बना रही है। तावड़े ने आजम खान पर अराजकता को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया।

यह भी पढ़ें-

फिर चालबाजी कर रहा चीन, अरुणाचल सीमा पर बढ़ा तनाव, कई जगहों पर आमने-सामने के हालात

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।