बुलंदशहर: जिले के खुर्जा नगर के रामलीला मैदान में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां रामलीला के दौरान मेले में जलपरी शो भी चल रहा था। इस दौरान एक युवती के साथ मारपीट का मामला सामने आया। इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में 4-5 महिला बाउंसर युवती के बाल पकड़कर उसे लात-घूंसों से पीटती नजर आ रही हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया।
महिला बाउंसरों ने युवती से की मारपीट
जानकारी के अनुसार, खुर्जा नगर के रामलीला मैदान में पिछले कई दिनों से रामलीला का आयोजन चल रहा था। रामलीला के साथ ही मैदान में मेला भी लगा हुआ था, जहां जलपरी शो का आयोजन किया जा रहा था। इसी शो के दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के बीच महिला बाउंसरों ने युवती के साथ मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और युवती के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई।
युवती को अस्पताल में कराया गया भर्ती
घटना की सूचना मिलते ही खुर्जा नगर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल युवती को तत्काल उपचार के लिए खुर्जा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (जटिया अस्पताल) में भर्ती कराया। वहीं, युवती के परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है।
एसपी देहात ने दिए जांच के निर्देश
घटना के बाद एसपी देहात आंतरिक जैन ने बताया कि मामले में खुर्जा नगर पुलिस को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल युवती के साथ मारपीट किए जाने की सही वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस वायरल वीडियो, परिजनों की शिकायत और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है। जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। (इनपुट- वरुण शर्मा)
यह भी पढ़ें-