1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जंगली जानवर गौर के हमले में शख्स की मौत, सदमे में उसके चचेरे भाई को आ गया हार्ट अटैक; परिवार में एक साथ 2 की जान गई

जंगली जानवर गौर के हमले में शख्स की मौत, सदमे में उसके चचेरे भाई को आ गया हार्ट अटैक; परिवार में एक साथ 2 की जान गई

केरल में जंगली जानवर गौर के हमले में सुनील नामक एक शख्स की जान चली गई है। इस सदमे से उसके चचेरे भाई ने भी दम तोड़ दिया। उसे हार्ट अटैक आ गया।

Kerala gaur attack- India TV Hindi
Image Source : PEXELS (प्रतीकात्मक फोटो) कोझिकोड में गौर के हमले में सुनील की मौत।

केरल में कोझिकोड के पास गौर के हमले में एक शख्स की मौत हो गई जिसके बाद कथित तौर पर सदमे से उसके एक रिश्तेदार की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई। हादसे के बाद लोकल लोगों ने इलाके में जंगली जानवरों की प्रॉब्लम के स्थायी हल का आश्वासन मिलने तक दोनों शवों का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया है।

झुंड खदेड़ते वक्त गौर ने सुनील पर किया जानलेवा हमला

बता दें कि विलंगड की वायाड कॉलोनी के रहने वाले 40 साल के सुनील पर शनिवार को उस वक्त गौर ने अटैक कर दिया, जब वह वन अधिकारियों के साथ मिलकर एक रिहायशी इलाके से गौर के झुंड को वहां से खदेड़ने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान, गौर के हमले में सुनील की मौत हो गई।

शव घर पहुंचा तो चचेरे भाई विजेश को आ गया हार्ट अटैक

जान लें कि पोस्टमार्टम के बाद शनिवार की रात लगभग 11 बजे उनकी बॉडी घर लाई गई। केरल पुलिस के मुताबिक, सुनील की मौत की खबर मिलने के बाद सदमे में उनके चचेरे भाई विजेश की भी मौत हो गई। विजेश को हार्ट अटैक आ गया और जान चली गई। इससे पूरे परिवार में मातम छा गया है।

ग्रामीणों ने की गौर की समस्या के स्थायी हल की मांग

अफसरों के मुताबिक, लोकल लोगों का कहना है कि इलाके में जंगली जानवर गौर की प्रॉब्लम का स्थायी हल होने तक दोनों को अंतिम विदाई नहीं दी जाएगी। ग्रामीणों ने सुनील की फैमिली को 25 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की डिमांड की है।

गौर अब हम लोगों के प्रति आक्रामक हो चुके हैं। गौर अब भी आसपास के क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे लोग डरे हुए हैं। उन्हें जान का गंभीर खतरा बना हुआ है। इसकी वजह से फसलों को भी नुकसान हो रहा है: ग्रामीण

कार्रवाई के लिए हमला करने वाले गौर की पहचान जरूरी

इस मामले पर लोकल विधायक के. एम. अभिजीत बोले कि कार्रवाई करने से पहले उस गौर की पहचान जरूरी है, जिसने सुनील पर अटैक किया था। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर शनिवार की रात अफसरों के साथ चर्चा हुई है। विधायक ने कहा कि पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने अपनी मांगें और चिंताएं सामने रखी हैं।

ऐसे मामले में मृतक के परिजनों को मिलता है कितना मुआवजा?

विधायक ने आगे कहा, ''इन समस्याओं के हल के लिए सरकार हर आवश्यक कदम उठाने के लिए तैयार है।'' उन्होंने बताया कि ऐसे केस में फिलहाल 14 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है और 5 लाख रुपये की पहली किस्त जल्द ही फैमिली को मिलेगी।

वन विभाग ने शुरू की गौर के झुंड को खदेड़ने की कार्रवाई

विधायक बोले कि फॉरेस्ट डिपार्टमेंट ने इलाके से जंगली जानवर गौर के झुंड को खदेड़ने के लिए अपनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इससे पहले छत्तीसगढ़ के कांकेर से खबर आई थी कि स्कूल के पीछे छिपे भालू ने परिवार उजाड़ दिया। भालू के हमले में 2 सगे भाई-बहन की जान चली गई थी।

(इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें- खेत जा रही महिला पर भालू का हमला, बचाने पहुंचे लोगों पर भी किया अटैक, 4 घायल अस्पताल में भर्ती

Latest India News