1. Hindi News
  2. छत्तीसगढ़
  3. स्कूल के पीछे छिपे भालू ने उजाड़ दिया परिवार, 2 सगे भाई-बहन की ली जान, फिर शवों को घंटों चीरता रहा; कांकेर में भयानक मंजर

स्कूल के पीछे छिपे भालू ने उजाड़ दिया परिवार, 2 सगे भाई-बहन की ली जान, फिर शवों को घंटों चीरता रहा; कांकेर में भयानक मंजर

 Written By: Khushbu Rawal
 Published : Aug 06, 2026 08:17 am IST,  Updated : Aug 06, 2026 08:17 am IST

छत्तीसगढ़ के कांकेर में बुधवार सुबह भालू ने ऐसा तांडव मचाया कि पूरे इलाके में दहशत फैल गई। भालू के हमले में सगे भाई-बहन की दर्दनाक मौत हो गई। इसके बाद काफी देर तक भालू दोनों शवों के पास बैठकर उनको नोचता-खसोटता रहा।

भालू के हमले में...- India TV Hindi
भालू के हमले में भाई-बहन की दर्दनाक मौत। Image Source : REPORTER INPUT

छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले से एक वीभत्स घटना सामने आई है। यहां मादा भालू ने 2 सगे भाई-बहनों को मौत के घाट उतार दिया और फिर शवों को नोचता रहा, जिससे ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखने को मिला। भालू के हमले में एक बहन घायल हो गई, जिसका इलाज चल रहा है।

भाई को बचाने गई 2 बहनों पर हमला

घटना नरहरपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत लारगांव मरकाटोला की बताई जा रही है। यहां मादा भालू ने मंगलवार को अपने बच्चे को मौत के घाट उतार दिया जिसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। भालू उस दौरान स्कूल के पीछे मौजूद रहा लेकिन बुधवार सुबह गाय चराने गए एक ग्रामीण युवक पर भालू ने हमला कर दिया। उसे बचाने गई दोनों बहनों पर भी भालू ने हमला किया। हमले में भाई और एक बहन की मौत हो गई, जबकि दूसरी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई जिसका उपचार अस्पताल में जारी है। 

bear attack
Image Source : REPORTER INPUTमृतकों के शवों के पास से नहीं हटा भालू।

5 घंटे तक शवों को नोचा-चीरा

भाई-बहन को मौत के घाट उतारने के बाद भी भालू मृतकों के शव के पास से नहीं हटा और 5 घंटे तक शवों को नोचता रहा जिसे देख ग्रामीण काफी आक्रोशित नजर आए। इसके बाद वन विभाग ने मोर्चा संभाला लेकिन भालू शव के पास ही मौजूद रहा। इस दौरान विधायक आशाराम नेताम भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि वह तत्काल मृतकों को मुआवजा दिलवाएंगे। स्थिति को देखते हुए रायपुर से वन विभाग की टीम पहुंची, जिन्होंने भालू को ट्रेंकुलाइज किया। लेकिन ग्रामीणों का घुस्सा यही पर शांत नहीं हुआ।

ट्रेंकुलाइज भालू पर ग्रामीणों ने किया लाठी-डंडों से हमला

भालू के बेहोश होते ही आक्रोशित ग्रामीणों ने भालू पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। वन विभाग और पुलिस की टीम ने भी ग्रामीणों को रोकने का प्रयास किया लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों भालू पर हमले करने को अमादा रहे। कड़ी मशक्कत के बाद बेहोश भालू और मृतकों के शव को मौके से निकाला गया। लेकिन यहां पर भी मामला शांत नहीं हुआ। लोगो ने मीडिया की गाड़ियों को भी घेर लिया और जाने से रोकते रहे।

देखें वीडियो-

बता दें कि इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है जब भालू ने किसी की जान ली हो, इसके पूर्व भी इस तरह की घटना कांकेर जिले से सामने आती रही है। जिले में मानव और जंगली जानवरों के बीच द्वंद अब बढ़ता जा रहा है, जिसे रोकने के प्रयास किया जाना जरूरी है।

वहीं, एक अन्य घटना में राजस्थान के अजमेर में एक भालू के हमले में चार लोग घायल हो गए। नरेगा में काम करने जा रही महिला पर जंगली भालू ने हमला कर दिया, जिसे बचाने पहुंचे लोगों पर भी उसने अटैक कर दिया।

(रिपोर्ट- सिकंदर खान)

यह भी पढ़ें-

जंगल में भालू ने किया हमला, आधी रात मदद के लिए पहुंची मेडिकल टीम, 18 किमी तक स्ट्रेचर पर ढोया और बचा ली जान

कुएं से बचाया, बाहर आते ही लोगों के पीछे दौड़ा भालू! अंगुल में रेस्क्यू के बाद मची भगदड़, VIDEO वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। छत्तीसगढ़ से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।