A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मुंबई में पकड़े गए बंगाल के बमबाज, आश्रम के पास बम फेंकने का मामला

मुंबई में पकड़े गए बंगाल के बमबाज, आश्रम के पास बम फेंकने का मामला

मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों को बम फेंकने के आरोप में गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पश्चिम बंगाल के बताए जा रहे हैं। यहां मुर्शिदाबाद जिले में दोनों ने एक आश्रम के बाहर बम फेंका था।

मुंबई क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।- India TV Hindi
Image Source : PEXELS/REPRESENTATIVE IMAGE मुंबई क्राइम ब्रांच ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार।

मुंबई क्राइम ब्रांच की क्राइम इंटेलिजेंस यूनिट (CIU) ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में एक आश्रम के बाहर बम फेंकने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को बोरीवली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया गया। यह मामला कुछ दिन पहले का बताया जा रहा है, जब पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव समाप्त हो गए थे, तब बम फेंका गया। चुनाव खत्म होने के बाद बहरामपुर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। फिलहाल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बंगाल पुलिस को सौंपे जाएंगे आरोपी

जानकारी के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय रॉकी खान और 25 वर्षीय सहादत सरकार के रूप में हुई है। रॉकी खान कांदी होटल पारा का निवासी है और वह पेशे से ड्राइवर है। वहीं सहादत सरकार, ग्राम नतुन पुरा का निवासी है और वह मजदूरी का काम करता है। फिलहाल दोनों की गिरफ्तारी के बाद क्राइम ब्रांच ने कोर्ट की औपचारिकताएं पूरी कर दोनों आरोपियों को पश्चिम बंगाल पुलिस को सौंपने के लिए दो दिन की ट्रांजिट रिमांड हासिल की है।

किस मामले में हुई है गिरफ्तारी

बता दें कि माजीहेरपारा के किराना दुकान के मालिक पशुपतिनाथ साहा की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि अली हुसैन उर्फ लादेन, हसन SK और उनके तीन अज्ञात साथी इस घटना में शामिल थे और फिलहाल फरार हैं। शिकायत के अनुसार, 12 मई को अज्ञात लोगों ने आश्रम के पास स्थित मां दुर्गा मंदिर के सामने एक बिजली के खंभे पर लगे फोटो फाड़ दिए थे। इसके बाद 13 मई की रात करीब 10:45 बजे आरोपियों और उनके साथियों ने आश्रम के पास खाली मैदान में सॉकेट बम फेंके।

इतना ही नहीं 14 मई की सुबह करीब 10:30 बजे आरोपी मोटरसाइकिल पर सवार होकर शिकायतकर्ता की किराना दुकान पर पहुंचे और धमकी दी कि यदि मामले की शिकायत अधिकारियों से की गई तो आगे भी बम हमले किए जाएंगे। वहीं 15 मई को पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गीतांजलि एक्सप्रेस से मुंबई भाग आए थे। 

यह भी पढ़ें- 

सासाराम से पटना जाने वाली ट्रेन में लगी भीषण आग, रेलवे स्टेशन पर मची अफरा-तफरी; देखें VIDEO

Latest India News