A
Hindi News भारत राष्ट्रीय 'विदुर का नाम जोड़िये, रावण का क्यों?' संसद में चंद्रशेखर आजाद से बोलीं निर्मला सीतारमण, VIDEO में देखें कैसा था सांसद का रिएक्शन

'विदुर का नाम जोड़िये, रावण का क्यों?' संसद में चंद्रशेखर आजाद से बोलीं निर्मला सीतारमण, VIDEO में देखें कैसा था सांसद का रिएक्शन

लोकसभा बजट सेशन के दूसरे फेज के दौरान संसद में दिलचस्प नजारा देखने को मिला। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने महाभारत काल के एक पात्र महर्षि विदुर का जिक्र करते हुए सांसद चंद्रशेखर को एक सलाह दीं।

nirmala sitharaman and chandrashekhar- India TV Hindi Image Source : PTI वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और नगीना सांसद चंद्रशेखर।

नई दिल्ली: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने लोकसभा में शुक्रवार को कुछ हल्के-फुल्के अंदाज में यूपी के नगीना निर्वाचन क्षेत्र से आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के सांसद को एक सलाह दे डालीं। वित्त मंत्री ने सांसद को अपना नाम चंद्रशेखर 'रावण' की जगह चंद्रशेखर 'विदुर' रखने की सलाह दी। सीतारमण ने कहा कि 'महाभारत' में एक बहुत सम्मानित व्यक्तित्व हैं, जिनका नाम महर्षि विदुर है और जिनकी विद्वता का सभी लोग सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें हाल में पता चला है कि विदुर ने अपने जीवन का आखिरी समय बिजनौर में बिताया था।

'महाभारत के एक बढ़िया पात्र हैं विदुर'

वित्त मंत्री ने सभी सदस्यों से आग्रह करते हुए कहा कि वह एक हल्की-फुल्की बात बोल रही हैं और उन्हें इसके लिए गलत नहीं समझा जाए। उन्होंने कहा, ''चंद्रशेखर जी ने अपने नाम में 'रावण' का नाम जोड़ा है...जबकि विदुर काफी विद्वान माने जाते हैं और महाभारत के एक बढ़िया पात्र हैं। इसलिए विदुर का नाम जोड़िये, रावण का क्यों?''

कैसा था चंद्रशेखर आजाद का रिएक्शन?

इसके बाद, उन्होंने हाथ जोड़कर नगीना के सांसद की ओर देखते हुए उन्हें चंद्रशेखर 'विदुर' कहकर संबोधित किया, जिसके बाद सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भी इस शब्द को दोहराया। सीतारमण द्वारा हल्के-फुल्के अंदाज में यह टिप्पणी किये जाने के बाद, अपनी सीट पर बैठे चंद्रशेखर, उनके पास बैठे तृणमूल कांग्रेस सांसद शत्रुघ्न सिन्हा और अन्य विपक्षी सदस्य भी हंसते नजर आए।

देखें वीडियो-

चंद्रशेखर ने लगाया था सौतेला व्यवहार का आरोप

सीतारमण की इस टिप्पणी पर पूरे सदन में उस वक्त हल्का-फुल्का माहौल देखने को मिला, जब LPG संकट के कारण विपक्षी सदस्यों के हंगामे के बीच, वित्त मंत्री विपक्ष पर लगातार निशाना साध रही थीं। सीतारमण ने बताया कि नगीना के सांसद चंद्रशेखर ने कहा है कि उनके साथ सौतेला व्यवहार हो रहा है। नगीना लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र यूपी के बिजनौर जिले में स्थित है। सीतारमण ने चंद्रशेखर के ''सौतेला व्यवहार किए जाने'' संबंधी आरोप का जवाब देते हुए, केंद्र की विभिन्न योजनाओं के तहत बिजनौर जिले में किए गए कल्याणकारी कार्यों की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें-

'भारत दोस्त है, होर्मुज स्ट्रेट से इंडिया के जहाजों को सुरक्षित रास्ता देंगे', ईरान के राजदूत का बड़ा बयान

करोड़ों की योजनाएं और तीन नई ट्रेनें, पीएम मोदी ने असम को दी बड़ी सौगात, फिर लोगों से क्यों मांगी माफी

Latest India News