1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. करोड़ों की योजनाएं और तीन नई ट्रेनें, पीएम मोदी ने असम को दी बड़ी सौगात, फिर लोगों से क्यों मांगी माफी

करोड़ों की योजनाएं और तीन नई ट्रेनें, पीएम मोदी ने असम को दी बड़ी सौगात, फिर लोगों से क्यों मांगी माफी

 Edited By: Kajal Kumari @lallkajal
 Published : Mar 13, 2026 05:21 pm IST,  Updated : Mar 13, 2026 05:26 pm IST

प्रधानमंत्री ने विधानसभा चुनाव से पहले असम के लोगों को करोड़ों रुपये की योजनाओं और तीन नई ट्रेनों की बड़ी सौगात दी है। इससे पहले पीएम ने असम की जनता से माफी भी मांगी है। जानें क्या है वजह?

पीएम मोदी ने असम को दी बड़ी सौगात- India TV Hindi
पीएम मोदी ने असम को दी बड़ी सौगात Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले असम के लोगों को बड़ी सौगात दी है। असम की राजधानी गुवाहाटी से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी ने असम के कोकराझार में 4,570 करोड़ रुपए से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया और इसके साथ ही तीन नई ट्रेन सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई। इसके साथ ही पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए लोगों से माफी भी मांगी। पीएम ने कहा, "मौसम खराब होने की वजह से मैं कोकराझार नहीं आ पा रहा हूं और इसके लिए मैं आप सभी से माफी मांगता हूं। पीएम ने कहा, मैं दिल्ली से निकला था आपके पास आने के लिए, लेकिन मुझे गुवाहाटी में ही उतरना पड़ा और अब मैं यहीं से आपसे बात कर पा रहा हूं।"

रोड कनेक्टिविटी और होगी मजबूत

पीएम मोदी ने कहा, भाजपा-एनडीए की डबल इंजन सरकार असम के तेजी से विकास के लिए निरंतर काम कर रही है और आज ही विकास के लिए 4,500 करोड़ रुपए से अधिक के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और लोकार्पण हुआ है। इसमें से 1,100 करोड़ रुपए से ज्यादा की राशि बोडोलैंड की सड़कों के लिए खर्च होगी और इससे असम की रोड कनेक्टिविटी और मजबूत होगी। पीएम मोदी ने 3,200 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली 'असम माला 3.0' की परियोजना की शुरुआत की, जिसके तहत, अंतर-राज्यीय संपर्क को बेहतर बनाने और राष्ट्रीय राजमार्गों व ग्रामीण सड़कों के बीच समन्वय को मजबूत करने के लिए सड़कों का निर्माण किया जाएगा।

असम को मिली तीन नई ट्रेनों की सौगात

 पीएम मोदी ने असम के लिए तीन नई रेल सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाई, इसमें कामाख्या-चारलापल्ली अमृत भारत एक्सप्रेस शामिल है, जो उत्तर-पूर्व और दक्षिण भारत के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी प्रदान करेगी। गुवाहाटी-न्यू जलपाईगुड़ी एक्सप्रेस, असम और पश्चिम बंगाल के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगी। वहीं नारंगी-अगरतला एक्सप्रेस असम और त्रिपुरा के बीच संपर्क को बेहतर बनाएगी। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत