1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. अमेरिका में तूफान 'इसायस' का कहर, 5.94 लाख घरों की बिजली गुल, फ्लोरिडा-अलबामा में बाढ़

अमेरिका में तूफान 'इसायस' का कहर, 5.94 लाख घरों की बिजली गुल, फ्लोरिडा-अलबामा में बाढ़

 Written By: Niraj Kumar
 Published : Oct 10, 2026 11:56 am IST,  Updated : Oct 10, 2026 12:01 pm IST

अमेरिका में तूफान ‘इसायस’ ने दस्तक दे दी है। इस शक्तिशाली तूफान ने फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र और अलबामा के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं।

US typhoon- India TV Hindi
अमेरिका में तूफान का कहर Image Source : AP

अमेरिका में तूफान इसायस ने कहर बरपा रहा है। 169 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। तूफान के चलते 5.94 लाख घरों की बिजली गुल हो गई है। कैटगरी-2 के इस शक्तिशाली तूफान ने फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र और अलबामा के तटीय इलाकों में भारी तबाही मचाई। तेज हवाओं, मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण कई सड़कें जलमग्न हो गईं, पेड़ उखड़ गए और बिजली की लाइनें टूट गईं। शुक्रवार शाम तक फ्लोरिडा और अलबामा में 5.94 लाख से अधिक बिजली उपभोक्ताओं की बिजली गुल हो गई थी। फ्लोरिडा और अलबामा में इस तूफान के चलते बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं।

फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास तट से टकराया

National Hurricane Center के मुताबिक यह तूफान फ्लोरिडा के डेस्टिन के पास तट से टकराया। उस वक्त 169 किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चल रही थी। फ्लोरिडा के गवर्नर रॉन डीसैंटिस ने लोगों को घरों में रहने और सड़कों पर नहीं निकलने की सलाह दी। उन्होंने चेतावनी दी कि पूरे क्षेत्र में अचानक बाढ़ आने का खतरा बना हुआ है। मौसम विभाग ने फ्लोरिडा के पैनहैंडल और दक्षिणी जॉर्जिया में बवंडर आने की आशंका भी जताई। अलबामा के मोबाइल शहर में भी पेड़ गिरने और बिजली की लाइनें टूटने की खबरें सामने आईं। खराब मौसम के कारण फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र की कुछ काउंटी में इमरजेंसी सर्विसेज को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा। कई काउंटी में लोगों को अनिवार्य रूप से सुरक्षित स्थानों पर जाने का निर्देश दिया गया।

समंदर में ऊंची लहरें

National Hurricane Center ने समुद्र में 1.8 से 2.7 मीटर यानी करीब 6 से 9 फीट तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है। दक्षिणी अलबामा, पश्चिमी फ्लोरिडा पैनहैंडल और दक्षिणी मिसिसिपी में भी खतरनाक मौसम की चेतावनी जारी की गई। अधिकारियों ने लोगों को बिजली गुल होने, पेट्रोल की कमी और पुलों तथा हाईवे के बंद होने की आशंका को देखते हुए अलर्ट रहने को कहा गया। फ्लोरिडा ने राहत और बचाव कार्यों के लिए नेशनल गार्ड के करीब पांच हजार सैनिकों और वायुसैनिकों को तैनात किया। खोज और बचाव दलों को भी तैयार रखा गया, जबकि कुछ जेलों से कैदियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया।

उड़ानें रद्द, ईंधन की कीमतें बढ़ने की आशंका

National Hurricane Center के मुताबिक, तट से टकराने के बाद तूफान इसायस की रफ्तार धीमी पड़ने लगी थी। अनुमान था कि शनिवार दोपहर तक यह कमजोर होकर उष्णकटिबंधीय तूफान में बदल सकता है। हालांकि इस तूफान के कमजोर पड़ने के बावजूद भारी बारिश का खतरा बना हुआ था। तूफान के कारण फ्लोरिडा के पैनहैंडल क्षेत्र के कई हवाई अड्डों पर शुक्रवार को उड़ानें प्रभावित हुईं। डेस्टिन-फोर्ट वाल्टन बीच हवाई अड्डे से आने-जाने वाली सभी उड़ानें रोक दी गई थीं। बता दें कि इससे पहले मार्च 2025 में अमेरिका के कई इलाकों में जबरदस्त तूफान के चलते कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई थी। कई लोग घायल भी हुए थे।

ये भी पढ़ें:

भूकंप के झटकों से हिली पनामा की धरती, रिक्टर स्केल पर 7.7 की तीव्रता, सुनामी का अलर्ट

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश।