आज अमेरिका की सड़कों पर जबरदस्त हंगामा हुआ। इमिग्रेशन एंड कस्टम्स एनफोर्समेंट के खिलाफ एक बार फिर लोग सड़कों पर उतरे हैं। न्यूयॉर्क में जबरदस्त विरोध शुरू हो गया है। प्रोटेस्टर्स ICE को पूरी तरह से खत्म करने की मांग कर रहे हैं। ये पूरा बवाल उस वक्त शुरू हुआ, जब एक फेडरल इमिग्रेशन ऑफिसर ने डोमिनिकन मूल के एक व्यक्ति को सरेआम गोली मार दी। गोली सीधे उसकी गर्दन में लगी। जिस व्यक्ति को गोली मारी गई है वो 28 साल का है। उसकी पहचान ऑस्कर बेल्गल के तौर पर हुई है।
सादे कपड़ों में आए फेडरल ऑफिसर ने मारी गोली
बता दें कि बेल्गल अपनी कार पार्क कर रहा था, उसी समय सादे कपड़ों में एक फेडरल ऑफिसर बंदूक निकालकर उनकी तरफ बढ़ा। उसके पीछे एक और फेडरल अफसर था, वो भी यूनिफॉर्म में नहीं था। बेल्गल के साथ कार में 5 साल का एक बच्चा भी बैठा था। इसके बाद भी फेडरल ऑफिसर्स ने बेल्गल पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से वो घायल हो गया, जिसके बाद उसे प्रेस्बिटेरियन एलन हॉस्पिटल लाया गया। वहां उसका इलाज चल रहा है।
भागने की फिराक में था आरोपी, इसलिए मारा- सिक्योरिटी डिपार्टमेंट
इस घटना की जानकारी मिलते ही हजारों लोग हॉस्पिटल के बाहर जमा हो गए। नारेबाजी की और जबरदस्त बवाल किया। जब मामला ज्यादा बढ़ा तो अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने सफाई दी। उसने कहा कि बेल्गल का क्रिमिनल रिकॉर्ड रहा है। वो पहले भी कई बार अरेस्ट हो चुका है। अब उसका कनेक्शन ट्रिनिटारियोस नाम के गिरोह से जुड़ा तो फेडरल ऑफिसर्स उसे अरेस्ट करने पहुंचे थे। लेकिन वो भागने की फिराक में था, इसलिए गोली चलानी पड़ी।
किसी इमिग्रेंट को पहली बार नहीं बनाया गया निशाना
लेकिन लोगों का कहना है कि ये पहली बार नहीं है, जब इमिग्रेंट्स को निशाना बनाया गया है। प्रोटेस्टर्स का कहना है कि ICE अमेरिका के अंदर कई हाई-प्रोफाइल गोलीबारी की घटनाओं में शामिल रहा है। मिनियापोलिस में भी ICE ऑफिसर्स ने दो लोगों की हत्या कर दी थी, जिसके बाद अमेरिका के कई शहरों में जबरदस्त बवाल और हिंसा हुई थी। सैकड़ों लोगों को गिरफ्तार किया गया था, इसलिए प्रोटेस्टर्स की मांग है कि ICE को पूरी तरह से खत्म किया जाए।
जोहरान ममदानी ने सीधे ट्रंप को लगा दिया फोन
ICE के खिलाफ शुरू हुए प्रोटेस्ट को न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने भी अपना समर्थन दिया। मेयर ममदानी इतने गुस्से में हैं कि उन्होंने सीधे ट्रंप को फोन लगा दिया। हालांकि, प्रेसिडेंट ट्रंप से उनकी बात नहीं हो पाई। ममदानी ने कहा कि जब डोनाल्ड ट्रंप से उनकी बात होगी, तो वो क्लियर डिमांड रखेंगे कि ICE के सारे ऑपरेशंस तुरंत बंद किए जाएं। इसके बाद भी अगर ICE एजेंट इमिग्रेंट्स को टारगेट करेंगे तो आर-पार की जंग के लिए वो खुद सड़कों पर उतरेंगे। इससे पहले, हाल ही में अमेरिकी प्रशासन ने इंफोसिस समेत 8 कंपनियों को 'परमानेंट लेबर सर्टिफिकेशन प्रोग्राम' से सस्पेंड कर दिया।
ये भी पढ़ें- अमेरिका में पहली बार मौत की सजा का लाइव प्रसारण! निदाल मलिक हसन पर दागी जाएंगी गोलियां