नेपाल के कई इलाकों में आई भीषण बाढ़ के बीच ओडिशा के बरगढ़ जिले के तीन लोगों के लापता होने की बात सामने आई है। लापता लोगों में एक दंपती और उनकी दो साल की बेटी शामिल हैं। परिवार का अपने इन सदस्यों से संपर्क नहीं हो पा रहा है, जिससे परिजनों की चिंता बढ़ गई है। लापता लोगों की पहचान गुन्नम जयकृष्ण, उनकी पत्नी गुन्नम साई बिंदु कुमारी और उनकी दो साल की बेटी के रूप में हुई है। तीनों बरगढ़ जिले के सरला जामपाली इलाके के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
हाइड्रो प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे जयकृष्ण
जानकारी के अनुसार, जयकृष्ण काम के सिलसिले में नेपाल गए थे। वह वहां एक हाइड्रो प्रोजेक्ट में काम कर रहे थे। उनकी पत्नी और दो साल की बेटी भी उनके साथ नेपाल गई थीं। नेपाल के कई हिस्सों में अचानक गंभीर बाढ़ की स्थिति बनने के बाद परिवार का तीनों से संपर्क टूट गया। परिजनों ने उनसे फोन के जरिए संपर्क करने की कई बार कोशिश की, लेकिन किसी भी प्रयास में उनसे बात नहीं हो सकी।
परिवार के लोग बेहद चिंतित
लगातार संपर्क नहीं होने के कारण परिवार के लोग उनकी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं और उनके सुरक्षित होने की जानकारी का इंतजार कर रहे हैं। बरगढ़ कलेक्टर आदित्य गोयल ने भी सरला जामपाली के एक दंपती और उनकी बच्ची के नेपाल में लापता होने की पुष्टि की है। कलेक्टर ने बताया कि जिला प्रशासन को इस मामले की जानकारी मिली है। प्रशासन ने पूरे मामले की सूचना ओडिशा सरकार को दे दी है। इसके साथ ही लापता तीनों लोगों के बारे में जानकारी जुटाने और उनका पता लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ संपर्क किया जा रहा है। आपको बता दें कि नेपाल में आई तबाही से प्रभावित लोगों की मदद के लिए इंडिया टीवी ने हेल्पलाइन जारी किया है। इसमें लोग अपने लापता परिजनों की तस्वीरें भेज सकते हैं।
सुरक्षित वापस लाने की कोशिश जारी
प्रशासन की ओर से नेपाल में संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय किया जा रहा है, ताकि लापता परिवार के बारे में जल्द से जल्द जानकारी मिल सके। साथ ही उन्हें सुरक्षित ढूंढकर वापस लाने की दिशा में भी प्रयास किए जा रहे हैं। नेपाल में बाढ़ की स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। ऐसे में परिजन लगातार किसी अच्छी खबर का इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल प्रशासन की कोशिश है कि गुन्नम जयकृष्ण, गुन्नम साई बिंदु कुमारी और उनकी दो साल की बेटी के बारे में जल्द से जल्द जानकारी हासिल की जा सके और उनकी सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जा सके। अधिकारी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं और तीनों से संपर्क स्थापित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। (रिपोर्ट: शुभम कुमार)
ये भी पढ़ें- नेपाल में टनल रेस्क्यू टीम भेजेगा भारत, अब तक हमारे कितने नागरिक बचाए गए? सामने आ गई जानकारी
नेपाल में बाढ़ में बहकर आए शव से सोने की बालियां चुराईं, बाल पकड़कर खींचा; घिनौनी हरकत का VIDEO वायरल
Latest India News