1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नेपाल में टनल रेस्क्यू टीम भेजेगा भारत, अब तक हमारे कितने नागरिक बचाए गए? सामने आ गई जानकारी

नेपाल में टनल रेस्क्यू टीम भेजेगा भारत, अब तक हमारे कितने नागरिक बचाए गए? सामने आ गई जानकारी

 Reported By: Vijai Laxmi Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 28, 2026 05:32 pm IST,  Updated : Aug 28, 2026 06:04 pm IST

बाढ़ के कारण त्रासदी झेल रहे नेपाल के लिए भारत सरकार लगातार मदद मुहैया करा रही है। अब भारत ने नेपाल में राहत एवं बचाव अभियान के लिए टनल रेस्क्यू टीम भेजने का फैसला किया है।

nepal flood india relief indian citizens- India TV Hindi
भारत भेज रहा नेपाल को मदद। Image Source : PTI

 नेपाल में बाढ़ के कारण आई भयानक त्रासदी के बाद राहत और बचाव का अभियान शुक्रवार को भी लगातार जारी है। भारत ने पड़ोसी देश का धर्म निभाते हुए नेपाल को लगातार मदद भेजी है। अब भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस बात की जानकारी दी है कि नेपाल में टनल रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी भी की जा रही है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने नेपाल में लापता लोगों, NDRF और राहत कार्यों पर विस्तार से जानकारी दी है। 

रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया- "आप जानते हैं कि हाल की त्रासदी के बाद भारत ने नेपाल को अब तक कितनी मानवीय सहायता दी है। और भी सहायता भेजी जा रही है। राहत सामग्री लेकर दो विमान रवाना हो चुके हैं और राहत सामग्री की तीसरी खेप आज शाम रवाना होने की उम्मीद है। नेपाल के अनुरोध पर, हम एक टनल रेस्क्यू टीम भेजने की तैयारी कर रहे हैं। इसके लिए पहले एक रेकी टीम भेजी जा रही है ताकि जरूरी उपकरणों आदि का आकलन किया जा सके। एक मेडिकल टीम भी भेजी जा रही है। इसके अलावा, हमने बेली ब्रिज और उनकी तकनीकी टीमें भी भेजने की पेशकश की है ताकि नेपाल के प्रभावित इलाकों में संपर्क व्यवस्था को जल्द बहाल किया जा सके।"

बचाए गए लोगों की वापसी का इंतजाम जारी

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने बताया- "नेपाल में एक बेली ब्रिज पहले से ही है और उसे राहत कार्यों में इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके अलावा, हमने नेपाल के अधिकारियों को NDRF की टीमें और उनके उपकरण भेजने का भी खास प्रस्ताव दिया है। ये टीमें जारी खोज और बचाव कार्यों में मदद कर सकती हैं और त्रासदी से प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचा सकती हैं। हम इस मामले में नेपाल सरकार की प्रतिक्रिया का इंतज़ार कर रहे हैं। जहां तक लापता या फंसे हुए भारतीयों की बात है, भारत सरकार अब तक बचाए गए लोगों की घर वापसी का इंतजाम कर रही है। नेपाल के अधिकारियों को किसी भी अन्य सहायता की जरूरत पड़ने पर हम उन्हें मुहैया कराने के लिए तैयार हैं।" आपको बता दें कि नेपाल में आई तबाही से प्रभावित लोगों की मदद के लिए इंडिया टीवी ने भी हेल्पलाइन ई-मेल जारी किया है। इसमें मिसिंग परिजनों की तस्वीरें शेयर की जा सकती हैं।

 

बचाए गए नागरिकों पर भी अपडेट

सामने आई जानकारी के अनुसार, 21 भारतीय नागरिक जो गुरुवार को काठमांडू पहुंचे थे अभी दिल्ली पहुंच गए हैं। त्रिशूली पावर प्रोजेक्ट में फंसे 63 भारतीय नागरिकों को भी बचा लिया गया है। 93 भारतीय जो कि फंसे हुए थे उन्होंने सुरक्षित रूप से चीन की सीमा पार कल ली है और सड़क मार्ग से नेपाल पहुंच गए हैं। भारतीय मूल के 100 लोगों से अभी भी संपर्क नहीं हो पाया है; ये वे लोग हैं जिनके पास दूसरी राष्ट्रीयता है। वहीं, चीन की तरफ फंसे करीब 400 भारतीय नागरिक सुरक्षित हैं। उनसे संपर्क किया गया है और उनके परिवार के सदस्यों ने भी सरकार से संपर्क किया है।

ये भी पढ़ें- नेपाल में आई तबाही से प्रभावित लोगों की मदद के लिए इंडिया टीवी ने जारी किया हेल्पलाइन ई-मेल, शेयर करें मिसिंग परिजनों की तस्वीरें

नेपाल में लापता हुए 288 भारतीय नागरिक, किन राज्यों के हैं? विदेश मंत्रालय ने दी जानकारी, स्पेशल कंट्रोल रूम बनाया गया

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत