1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ओडिशा को मिली पहली महिला मुख्य सचिव, वरिष्ठ IAS अनु गर्ग संभालेंगी कमान

ओडिशा को मिली पहली महिला मुख्य सचिव, वरिष्ठ IAS अनु गर्ग संभालेंगी कमान

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनु गर्ग को ओडिशा का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। 1 जनवरी 2026 से मुख्य सचिव का कार्यभार संभालेंगी।

अनु गर्ग होंगी ओडिशा की पहली महिला मुख्य सचिव- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अनु गर्ग होंगी ओडिशा की पहली महिला मुख्य सचिव

भुवनेश्वर: ओडिशा सरकार ने राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अनु गर्ग को ओडिशा का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया है। इस नियुक्ति के साथ ही, अनु गर्ग ओडिशा के इतिहास में इस शीर्ष पद पर पहुंचने वाली पहली महिला अधिकारी बन गई हैं।

नए साल से शुरू होगा नया अध्याय

यह नियुक्ति इसलिए भी खास है, क्योंकि वर्तमान मुख्य सचिव मनोज आहूजा 31 दिसंबर 2025 को रिटायर हो रहे हैं। उनके रिटायरमेंट के बाद 1 जनवरी 2026 से अनु गर्ग औपचारिक रूप से मुख्य सचिव का कार्यभार संभालेंगी।

सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग की ओर से 24 दिसंबर 2025 को जारी अधिसूचना के अनुसार, 1991 बैच की आईएएस अधिकारी अनु गर्ग को मुख्य सचिव के पद पर नियुक्त किया गया है। फिलहाल, वे विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव के रूप में कार्यरत हैं। इसके अलावा उनके पास योजना एवं अभिसरण विभाग, जल संसाधन विभाग और सामान्य प्रशासन एवं लोक शिकायत विभाग के अपर मुख्य सचिव और सचिव जैसे अहम अतिरिक्त प्रभार भी हैं।

कौन हैं अनु गर्ग?

अनु गर्ग ओडिशा प्रशासन की अनुभवी और भरोसेमंद अधिकारियों में गिनी जाती हैं। वे पहले ही राज्य की पहली महिला विकास आयुक्त रह चुकी हैं और अब पहली महिला मुख्य सचिव बनने का गौरव भी उन्हें प्राप्त हुआ है। अपने लंबे प्रशासनिक करियर के दौरान उन्होंने कई महत्वपूर्ण विभागों में काम किया है और शासन व विकास से जुड़े अनेक फैसलों में अहम भूमिका निभाई है।

सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक निरंतरता और स्थिरता के लिहाज से अहम माना जा रहा है। आने वाले समय में जब ओडिशा कई विकास योजनाओं और परियोजनाओं पर काम करने जा रहा है, तब एक अनुभवी अधिकारी का मुख्य सचिव के रूप में पदभार संभालना सरकार के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

कुल मिलाकर, अनु गर्ग की नियुक्ति न सिर्फ प्रशासनिक दृष्टि से बल्कि महिला नेतृत्व के लिहाज से भी एक ऐतिहासिक कदम है, जिसे राज्य की नौकरशाही में एक नए अध्याय की शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

VIDEO: मंत्री के सचिव के पास कुबेर का खजाना... छापेमारी में अब तक 14.38 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

सावधान! कहीं आप भी तो नहीं पी रहे 'D' पाउडर वाला जूस? खतरनाक VIDEO आया सामने

Latest India News